गढ़वा
गढ़वा जिले में खड़े ट्रक और ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. भीषण गर्मी को आग लगने का कारण माना जा रहा है. नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कोईंदी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में ट्रक जलकर पूरी तरह खाक हो गया. घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लोड था, जिसे रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था. ट्रक चालक अलीमन अंसारी ने बताया कि उनकी तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने रात में ही अपने मालिक को इसकी सूचना दे दी थी. मालिक ने कहा था कि यदि तबीयत ठीक लगे तो निकल जाना, अन्यथा सुबह दूसरा ड्राइवर भेज दिया जाएगा. इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया.
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
सुबह अचानक ट्रक में आग लगने की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी ट्रक के पास नहीं जा सका. बाद में सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक पूरा ट्रक जलकर राख हो चुका था. आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं दूसरी ओर गढ़वा जिला मुख्यालय के टाउन हॉल के पास रात में एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई, जिसे समय रहते बुझा दिया गया और बड़ा हादसा टल गया.
