द फॉलोअप डेस्क
बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग स्थित चर्चित होटल कलश धाम में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया है और संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।.jpg)
जानकारी के अनुसार, होटल कलश धाम लंबे समय से विवादों में घिरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आसानी से कमरा उपलब्ध कराए जाने के कारण अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, होटल परिसर में शराब सेवन के लिए विशेष केबिन भी बनाए गए थे।.jpeg)
सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह होटल एक स्कूल और बीएड कॉलेज से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। शैक्षणिक संस्थानों के इतने करीब इस तरह की गतिविधियां होना प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
छापेमारी दल का नेतृत्व कर रहे बगोदर-सरिया SDPO धनंजय राम ने बताया कि पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि इतने लंबे समय तक यह गतिविधियां कैसे चलती रहीं और स्थानीय पुलिस की ओर से निगरानी में चूक क्यों हुई। इस दौरान SDM संतोष कुमार गुप्ता भी मौके पर मौजूद थे।