द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: झारखंड में पर्यावरण, वन, वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सिनेमा के सशक्त माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (Department of Environment, Forest and Climate Change) द्वारा 28 से 30 नवंबर तक 'अरण्यक-26' झारखंड वन फिल्म महोत्सव (Jharkhand Forest Film Festival) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन रांची के डोरंडा स्थित वन परिसर के पलाश ऑडिटोरियम और जैप (JAP) के शौर्य ऑडिटोरियम में किया जाएगा, जहाँ देश-विदेश की चुनिंदा पर्यावरण विषयक फिल्मों (Film on environmental issues) का प्रदर्शन होगा।

जीवन से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को समाज के सामने लाना है
झारखंड वन फिल्म महोत्सव के विषय में जानकारी देते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक हॉफ संजीव कुमार (PCCForests (HoFF) Sanjeev Kumar) ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य फिल्मों के माध्यम से जंगल, वन्यजीव, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन और प्रकृति पर निर्भर समुदायों के जीवन से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को समाज के सामने लाना है। इससे पर्यावरण संरक्षण (Environmental Conservation) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ेगी और सिनेमा के विभिन्न रचनात्मक माध्यमों को एक मंच मिलेगा। 'अरण्यक-26' के पहले संस्करण के लिए कुल 700 से अधिक फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें से लगभग 47 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों का चयन प्रदर्शन के लिए किया गया है। फिल्मों को 'भारतीय प्रतियोगिता', 'भारतीय चयनित फिल्म प्रदर्शन' और 'अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रदर्शन' (International Film Screening) की श्रेणियों में बांटा गया है। अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में भारत के अलावा पोलैंड, तुर्की, ग्रीस, ताइवान, अजरबैजान, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देशों की फिल्में शामिल हैं।
.jpeg)
पर्यावरणविद, वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ, शोधकर्ता बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे
फिल्म स्क्रीनिंग और प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त, महोत्सव में फिल्मकारों और विषय विशेषज्ञों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन फिल्मों के माध्यम से दर्शकों को झारखंड और भारत की पर्यावरणीय चुनौतियों तथा संरक्षण के प्रयासों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा, साथ ही वे प्रकृति से जुड़े स्थानीय अनुभवों की तुलना वैश्विक स्तर के प्रयासों से कर सकेंगे। इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के फिल्मकार, पर्यावरणविद, वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ, शोधकर्ता, विद्यार्थी और सिनेमा प्रेमी (Cinema Lover) बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक हॉफ संजीव कुमार के अलावे प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी रवि रंजन, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक राजकुमार बाजपेयी, मुख्य वन संरक्षक एस आर नटेश, वन प्रमंडल पदाधिकारी वन्य प्राणी अवनीश चौधरी आदि उपस्थित थे।
