गोड्डा:
गोड्डा में आजकल अनोखी प्रेम कहानी चर्चा में है। 26 साल की विवाहित महिला आरती देवी को 19 साल के सचिन से प्यार हो गया। सचिन के साथ रहने के लिए आरती ने पति और 3 बच्चों को छोड़ दिया। मुश्किल यह है कि सचिन के घरवालों ने आरती को अपनाने से इनकार कर दिया और अब पति भी उसे वापस रखने को तैयार नहीं है। आरती अब पुलिस से न्याय मांग रही है। पूरा मामला गोड्डा जिले के बलबड्डा थानाक्षेत्र अंतर्गत घोरीकित्ता गांव का है। स्थानीय लोग भी इश्क और बेवफाई की इस सच्ची कहानी से हैरान हैं।

पति और 3 बच्चों को छोड़कर भागी थी महिला
गौरतलब है कि बिहार के भागलपुर जिला स्थित गौराडीह थानाक्षेत्र की रहने वाली आरती की शादी 8 साल पहले झारखंड के गोड्डा जिला में हनवारा थानाक्षेत्र अंतर्गत रामकोल गांव के नकुल तांती से हुई थी। दंपति को 3 बच्चे हुए। कुछ साल पहले नकुल तांती, पत्नी आरती और बच्चों को लेकर काम की तलाश में हरियाणा गया था। आरती भी घर-परिवार के लिए कमाने के इरादे से रिलायंस ब्यूटी पार्लर में काम करने लगी। यहीं उसकी मुलाकात रिलायंस मॉल में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करने वाले 19 साल के सचिन से हुई।
एक ही जगह काम करने की वजह से दोनों में बातचीत होने लगी और फिर मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। मुलाकातें, प्रेम में बदली तो आरती और सचिन ने साथ रहने का फैसला किया।

दिल्ली में शादी रचाकर हरियाणा में रखा था
बताया जा रहा है कि आरती, पति और 3 बच्चों को छोड़कर सचिन के साथ दिल्ली चली गई। यहां, सचिन ने आरती को अपनी चाची के घर पर रखा और उसकी मांग में सिंदूर भरकर पत्नी बना लिया। दिल्ली में शादी करने के बाद दोनों वापस हरियाणा गए और वहीं मॉल में नौकरी करने लगे। बताया जाता है कि सचिन और आरती 1 महीने तक साथ रहे।

प्रेमी ने छोड़ा और पति भी अपनाने को तैयार नहीं
बताया जाता है कि समय के साथ आरती और सचिन के रिश्तों में खटास आने लगी। दरअसल, सचिन के घरवालों को आरती, बहू के रूप में स्वीकार्य नहीं है। वहीं, नकुल तांती भी अब उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने को तैयार नहीं है। महिला अब बलबड्डा थाने में गुहार लगा रही है कि उसे, उसके प्रेमी के साथ रहने दिया जाए। थाना प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि लड़के को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
लड़की पक्ष की ओर से अभी कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। लड़का, महिला को रखना चाहता है, लेकिन घरवाले तैयार नहीं है।