द फॉलोअ डेस्क
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) की प्रस्तावित 2.5 मिलियन टन विस्तारीकरण योजना को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए समाज के सभी वर्गों के बीच एक महाहस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यह घोषणा आज बोकारो सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कुमार अमित ने की।
कुमार अमित ने बताया कि यह निर्णय बीएसएल के विस्तारीकरण योजना के प्रारंभ होने में हो रहे विलंब के कारण लिया गया है, ताकि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए जनता का जनसमर्थन प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्लांट का विस्तारीकरण बोकारो के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि बोकारोवासियों का सपना है कि बीएसएल की उत्पादन क्षमता दस मिलियन टन हो, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपनी राष्ट्रीय इस्पात नीति के तहत वर्तमान 5 मिलियन टन की उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 7.5 मिलियन टन करने का निर्णय लिया है। केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने अपने पिछले बोकारो प्रवास में इसकी घोषणा की थी। इस कार्य के लिए बीस हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होना है, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ-साथ 2500 युवाओं को प्रत्यक्ष और 10000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
कुमार अमित ने आगे कहा कि विस्तारीकरण का शिलान्यास पिछले मई माह में ही होना था, परंतु अब तक सेल प्रबंधन द्वारा इस कार्य को तय समय पर प्रारंभ नहीं करने से यहां के सभी तबकों के मन में विस्तारीकरण को लेकर भ्रम की स्थिति बन रही है। बोकारोवासी यहां के भविष्य को लेकर चिंतित और गंभीर हैं। इसी प्रकार, बोकारो के जीवन रेखा कहे जाने वाले बोकारो जनरल अस्पताल को भी सेल प्रबंधन द्वारा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की यहां के लोगों की आकांक्षा है। इन दोनों कार्यों के समर्थन में बोकारो के हरेक समाज के लोगों के बीच सभी स्थानों पर महाहस्ताक्षर अभियान चलाकर एक माह में दो लाख लोगों का रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराया जाएगा। इसे प्रधानमंत्री को सौंप कर इन दोनों कार्यों को अविलंब धरातल पर उतारने की मांग की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए पिछले महीने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और इस्पात मंत्री को पत्र भी लिखा गया है, जिसका सकारात्मक परिणाम आया है, परंतु यह पर्याप्त नहीं है। बोकारोवासी यहां के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं, इसे दर्शाने के लिए यह महाहस्ताक्षर अभियान चलाना आवश्यक है, जिससे जनभावना के अनुरूप सेल प्रबंधन विस्तारीकरण योजना को अविलंब धरातल पर उतारे। विस्तारीकरण से बोकारो के विकास के साथ-साथ प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी। इस अभियान के तहत हस्ताक्षर के अलावा अनेक संगोष्ठी और नुक्कड़ सभा का भी आयोजन किया जाएगा। दस हजार लोगों द्वारा पोस्टकार्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर भी उनसे यह मांग की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी मांग के समर्थन में अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में प्रदेश के अन्य जिलों के लोगों का भी समर्थन लिया जाएगा। कुमार अमित ने समाज के सभी राजनीतिक, गैर-राजनीतिक, सामाजिक संगठनों एवं तबकों से बोकारो के विकास के लिए इस अभियान को समर्थन देकर सफल बनाने की अपील की है।
प्रेस वार्ता से पूर्व सर्किट हाउस में अभियान को सफल बनाने को लेकर बोकारो के मजदूर संगठन, व्यवसायिक संगठन, विस्थापित संगठन, व्यवसायियों, विस्थापित नेताओं एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर योजना भी बनाई गई। सभी ने बोकारो के विकास के लिए एक स्वर में इस अभियान को सफल बनाने की बात कही।
इस अवसर पर बोकारो चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संरक्षक संजय बैद्य, अध्यक्ष मनोज चौधरी, भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री बिनोद कुमार, अरविन्द सिंह, शशिभूषण, किम्स यूनियन के शशिभूषण, बीडू यूनियन के संदीप कुमार, बीएकेएस यूनियन के हरिओम, दिलीप, इंटक के जगदीश पाण्डेय, विस्थापित नेता एवं ठेकेदार संघ के सुनील महतो, लघु उद्योग भारती के ललन सिंह, फुटपाथ दुकानदार संघ के रामू भाई, बोकारो विकास फोरम के अनिल सिंह, समाजसेवी योगेन्द्र कुमार, प्रकाश प्रमाणिक, अरविंद राय, ममता गोस्वामी, निवारण महतो, करण गोस्वामी, उत्तम महतो, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश राम, धनन्जय चौबे, विनय किशोर, विक्की राय, रघुनाथ टुड्डु, कृष्णा कालिन्दी, जीतेन्द्र कालिन्दी, विनय आनन्द, लालबाबू, चन्द्रप्रकाश, जन्मजय गोस्वामी, नागेंद्र पुरी, मिथलेश महथा, विजय गोप, महेश ठाकुर, दुलाल चन्द्र महतो, अनीश, अनुज, सतीश रजवार, विशाल गौतम, चंदन, अमन सिंह, राम दयाल सिंह, सजल रजवार, अजय सिंह आदि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
