बोकारो:
Jharkhand News: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) परिसर में गुरुवार सुबह स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट में आग लग गई। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई गई है। आग कन्वेयर बेल्ट संख्या के-21 और के-22 में लगी। सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और प्लांट की फायर ब्रिगेड विंग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

समय रहते आग पर काबू पा लिया गया
आग लगने के बाद कन्वेयर बेल्ट क्षेत्र से लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। इससे कुछ देर के लिए प्लांट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी। अग्निशमन दल ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए आग को कन्वेयर बेल्ट क्षेत्र के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक लिया। समय रहते आग पर काबू पाए जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, कन्वेयर बेल्ट पर अत्यधिक गर्म स्लैग गिरने के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
.jpeg)
प्लांट में उत्पादन सामान्य रूप से जारी रहा
बीएसएल के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग फर्नेस के बाहर स्थित कन्वेयर बेल्ट क्षेत्र में लगी थी। इसका मुख्य फर्नेस और उसकी संरचना पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने बताया कि प्लांट की किसी इकाई के संचालन में बाधा नहीं आई और उत्पादन सामान्य रूप से जारी रहा।
प्रबंधन के अनुसार, आग से प्रभावित कन्वेयर बेल्ट को चिन्हित कर लिया गया है।
जले हुए बेल्ट को जल्द ही नए बेल्ट से बदला जाएगा। बीएसएल प्रबंधन ने बताया कि घटना का इस्पात उत्पादन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है