logo

गढ़वा में लूटी गई बाइक से मध्य प्रदेश में डकैती, यूपी में पकड़े गए अपराधी; अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

गढ़वा में लूटी गई बाइक से मध्य प्रदेश में डकैती, यूपी में पकड़े गए अपराधी; अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

गढ़वा:

गढ़वा में  लूटी गई बाइक से मध्य प्रदेश में डकैती हुई। भागने के क्रम में यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक अपराधी पकड़ा गया। मुठभेड़ में घायल अपराधी से पूछताछ में लूट और डकैती करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दरअसल, गढ़वा के रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में बाइक लूट की वारदातों के बाद पुलिस ने जिले अलर्ट जारी किया था। विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि बाइक लूटने वाला गिरोह सिर्फ गढ़वा तक सीमित नहीं है। 

अपराधियों की पुलिस ने कर ली गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने गढ़वा-मझिआंव मोड़ और कांडी होते हुए हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में बाइक लूटी। इसके बाद अपराधी अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। इसी दौरान लूटी गई अपाचे बाइक मध्य प्रदेश तक पहुंची, जहां 18 सितंबर को विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र के कंचन ज्वेलर्स में डकैती हुई। डकैती के बाद भाग रहे अपराधियों का उत्तर प्रदेश के अनपारा थाना क्षेत्र में पुलिस से सामना हुआ। मुठभेड़ में रौशन कुमार घायल हो गया। उसे रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गढ़वा पुलिस वहां पहुंची और पूछताछ की, तो बाइक लूट से लेकर ज्वेलरी डकैती तक का पूरा कनेक्शन सामने आने लगा।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी रौशन कुमार ने रंका और हरिहरपुर में बाइक लूट में अपनी संलिप्तता बताई और अपने साथियों सोनू उर्फ शाबीर अंसारी और शमशाद अंसारी के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने 19 सितंबर को सोनू उर्फ शाबीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। 

15.33 ग्राम सोना और नकदी बरामद की गई
सोनू की निशानदेही पर शमशाद अंसारी के ससुराल नयाखांड़ जाने वाले रास्ते से RONIN मोटरसाइकिल, 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि सोनू ने बाइक लूट और मध्य प्रदेश की कंचन ज्वेलर्स डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ में पुलिस को एक और बड़ी जानकारी मिली। आरोपियों की कथित योजना रमना के एक सोना व्यवसायी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज के बैंक ऑफ महाराष्ट्र को निशाना बनाने की थी।

पुलिस की सतर्कता के कारण इन जगहों पर वारदात नहीं हो सकी और आरोपियों ने दूसरे राज्यों में घटनाओं को अंजाम दिया।
 

Tags - JharkhandGarhwaDacoityGarhwa PoliceCrime News