द फॉलोअप डेस्क
घंटो विचार मंथन और बातचीत के बाद गुरुवार को मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के नाम पर सहमति बन जाने की सूचना है। गुरुवार को एक बार फिर सूचना आयुक्तों के नाम पर सहमति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार के बीच घंटों विचार-विमर्श हुआ। इस क्रम में टेलीफोनिक माध्यम से प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी से भी विमर्श किया गया। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि आज हुई बातचीत और मंथन के बाद नामों पर सहमति मिल जाने के संकेत हैं। सरकार अब जल्द ही मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के नामों पर अंतिम मुहर लगा सकती है। हालांकि इसके बाद भी एक तकनीकी प्रक्रिया बाकी है। चयन समिति की बैठक में सहमति बनने के बाद कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग प्रस्ताव को राजभवन भेजेगा। राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद सूचना आयुक्तों के चयन की अंतिम प्रक्रिया पूरी होगी। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग उसे अधिसूचित करेगा।
.jpeg)
यहां मालूम हो कि एक अप्रैल को हाईकोर्ट में सूचना आयुक्त व लोकायुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई होनी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रामनवमी के बाद 28 मार्च को असम दौरे पर जा सकते हैं। मुख्यमंत्री असम में कुछ दिनों तक रहेंगे। इसलिए मुख्यमंत्री के असम दौरे पर जाने से पहले हर हाल में सूचना आयुक्तों के चयन की प्रक्रिया के पूरी होगी। इधर आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लोकायुक्त के चयन पर अभी भी तस्वीर स्पष्ट नहीं है। मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और मुख्य न्यायाधीश के बीच लोकायुक्त नियुक्ति पर क्या हुआ, इसका स्पष्ट संकेत नहीं है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि सूचना आयुक्त और लोकायुक्त नियुक्ति की प्रक्रिया एक साथ ही पूरी हो जाएगी।
