द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा और मानगो थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 60 पुड़िया ब्राउन शुगर और 7400 रुपये नकद बरामद किये हैं।.jpeg)
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के स्लैग रोड से देवनगर निवासी बादल बनिया और ह्यूमपाइप निवासी गौराम राम को पकड़ा गया है। वहीं, मानगो थाना क्षेत्र में मानगो पुल के पास से शिवाजी गोप उर्फ नाडु, सर्जन कुमार उर्फ साजन, अता मोहम्मद और टुनटुन यादव की गिरफ्तारी हुई है।.jpg)
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय-1 भोला प्रसाद सिंह ने बताया कि शहर में नशे के कारोबार को रोकने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में दोनों थाना क्षेत्रों में टीमों ने कार्रवाई कर तस्करों को दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। बादल बनिया पर चोरी और एसडीपीएस एक्ट सहित आठ मामले दर्ज हैं। गौराम राम टकलू हत्याकांड समेत कई अन्य मामलों में आरोपी रह चुका है। मानगो से पकड़े गए अभियुक्तों पर भी पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते दिन ही जिला पुलिस प्रशासन ने परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाढ़ीवानपट्टी निवासी आबिद खान को ब्राउन शुगर का कारोबार बढ़ाने के आरोप में तड़ीपार करने का आदेश जारी किया था। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।