logo

गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर चोर गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

godda_police1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत वाहन चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि विगत कुछ दिनों से वाहन चोरी की घटनाएँ लगातार घट रही थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए इसके रोकथाम एवं कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए गोड्डा पुलिस ने एक अंतरजिला ट्रैक्टर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक (SP) गोड्डा के निर्देश पर गठित एसआईटी (SIT) ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना अभिषेक कुमार उर्फ सुमित यादव सहित कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के कई ट्रैक्टर और ट्रेलर भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किये गए अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उनका एक सक्रिय गिरोह है जो गोड्डा और आसपास के जिलों में ट्रैक्टरों की रेकी करता था। मौका मिलते ही ये गिरोह वाहन चोरी कर लेता और उन्हें मात्र 70 से 80 हजार रुपये में बेच देता था। गिरोह का जाल इतना गहरा था कि वे चोरी किए गए ट्रैक्टरों के इंजन निकालकर या उन्हें काटकर ठिकाने लगाने का काम भी करते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 दिसंबर को दुमका जिले के सरैयाहाट में छापेमारी की और मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार को पकड़ लिया गया। वहीं इसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों- प्रकाश हाँसदा, दीपक कुमार यादव, मुन्ना यादव, वेद कुमार और आशीष रंजन को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। ये सभी अपराधी दुमका जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने इस छापेमारी में विभिन्न कांडों से संबंधित तीन लाल रंग के महिन्द्रा ट्रैक्टर, कई ट्रेलर और कटिंग किए गए ट्रैक्टर के इंजन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से प्रकाश हाँसदा और अभिषेक कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। प्रकाश हाँसदा के खिलाफ अकेले दुमका के विभिन्न थानों में पहले से ही चोरी के करीब 9 मामले दर्ज हैं, जबकि अभिषेक और मुन्ना यादव पर भी कई संगीन मामले पहले से चल रहे हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar godda news godda khabar theft news theft khabar crime news godda police