द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के केरेडारी इलाके में पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। पुलिस ने बुण्डु जंगल के पास बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक कार्बाइन मशीनगन, तीन पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी लोग बुण्डु जंगल के पास हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ बड़कागांव की अगुआई में पुलिस टीम बनाई गई। शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस टीम बुण्डु गाँव पहुँची और बुण्डु से कोले जाने वाली सड़क पर छापामारी शुरू की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने चार अपराधियों अर्जुन करमाली, समीर कुमार, राहुल कुमार और निखिल विश्वकर्मा को पकड़ लिया।.jpeg)
इनके पास से कार्बाइन मशीनगन, तीन पिस्टल, जिंदा गोली, मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में मुख्य आरोपी अर्जुन करमाली ने कबूल किया कि वह आलोक गिरोह में काम करता था, और राहुल तुरी के मारे जाने के बाद गिरोह को खुद चलाता था। उसने अपने गाँव में 23 नवंबर को रूपलाल करमाली की गोली मारकर हत्या करने की भी बात बताई।
पुलिस का कहना है कि ये लोग NTPC कोयला परियोजना में लेवी न मिलने से नाराज़ थे और किसी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्र हुए थे। अर्जुन करमाली पर कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं और वह एक बड़ा अपराधी माना जाता है।