logo

खूंटी में पेट्रोल पंप पर 3 राउंड फायरिंग, कर्मचारी घायल; PLFI का पर्चा छोड़कर फरार हुए अपराधी

खूंटी में पेट्रोल पंप पर 3 राउंड फायरिंग, कर्मचारी घायल; PLFI का पर्चा छोड़कर फरार हुए अपराधी

खूंटी: 
Khunti News:
खूंटी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। खूंटी-रांची मुख्य मार्ग स्थित जियरप्पा के पुष्पा सेंटर पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। भाजपा नेता परमेश्वर प्रसाद के भांजे के इस पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी में एक कर्मचारी अमित महतो के पैर में गोली लग गई। घायल कर्मचारी घाघरा (गुटजोरा) का रहने वाला है। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे तीन नकाबपोश अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर अचानक पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचे। इनमें एक अपराधी हेलमेट पहने हुए था, जबकि दो अन्य ने अपना चेहरा ढक रखा था। पेट्रोल पंप पहुंचते ही अपराधियों ने कार्यालय को निशाना बनाकर लगातार तीन गोलियां चलाईं। इसी दौरान वहां काम कर रहे कर्मचारी अमित महतो को गोली लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते वे एक पर्चा भी छोड़ गए, जो कथित तौर पर पीएलएफआई के राजेश यादव के नाम से जारी है। पुलिस पर्चे की सत्यता की जांच कर रही है।

पहले भी मिल चुकी थी धमकी
पेट्रोल पंप संचालक आर्यन साहू ने बताया कि उन्हें पहले भी तीन-चार बार धमकी भरे फोन आ चुके थे। इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी थी। संचालक ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो शायद इस घटना को रोका जा सकता था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, अपराधियों की तलाश शुरू
गोलीबारी की सूचना मिलते ही खूंटी थाना प्रभारी मंगल सिंह जामुदा, थानेदार बाबू मुंशी साव समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे रंगदारी, पूर्व में मिली धमकी या कोई अन्य कारण है। घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालकों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

Tags - Khunti Firing PLFI Crime Jharkhand