logo

बैंक अधिकारी बन लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालते थे, 3 साइबर क्रिमिनल पुलिस के हत्थे चढ़े

बैंक अधिकारी बन लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालते थे, 3 साइबर क्रिमिनल पुलिस के हत्थे चढ़े

जामताड़ा:

​जामताड़ा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 7 सिमकार्ड भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को साइबर अपराध से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर अपराध थाना की विशेष टीम ने साइबर DSP अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया। 

इस टीम में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तिलियाडीह के उत्तर आम वान के पास दबिश देकर तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लोगों को निशाना बनाने के लिए खुद को बैंक अधिकारी बताते थे। वे कथित तौर पर इंडियन बैंक समेत अन्य बैंकों के अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। कॉल के दौरान ग्राहकों को यह कहकर डराया और भ्रमित किया जाता था कि उनका एटीएम (ATM) कार्ड बंद होने वाला है। इसी बहाने वे पीड़ितों से एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी (CVV) नंबर और वन-टाइम पासवर्ड (OTP) जैसी गोपनीय बैंकिंग जानकारियां हासिल कर लेते थे। इन जानकारियों का इस्तेमाल कर ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

साइबर पुलिस ने साइबर क्राइम के जुर्म में 27 वर्षीय विनोद पंडित, 26 वर्षीय विवेक कुमार मंडल और 23 वर्षीय नजुरुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया है। 

​बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
​छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन और 7 सिमकार्ड जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 78/26 (दिनांक 29 नवंबर 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट (IT Act) और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट (Telecommunications Act) के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Tags - Jharkhand Cyber Crime NewsCyber CriminalCyber CrimeJamtara PoliceJamtara News