द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम और डोडा की तस्करी में शामिल दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तस्करी के एक नए और चौंकाने वाले तरीके का खुलासा हुआ है, जहां आरोपी नई स्विफ्ट कार के डैशबोर्ड में तहखाना बनाकर मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।
13 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनहरी पहाड़ के समीप कुछ लोग अफीम और डोडा की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना की पुष्टि के बाद SDPO सदर अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी दल द्वारा कनहरी हिल के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान चरही की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोका गया। पुलिस को देखते ही कार सवारों ने वाहन को तेज़ी से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को ओवरटेक करते हुए उसे पकड़ लिया।.jpg)
वाहन एवं उसमें सवार व्यक्तियों की तलाशी के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि कार में मादक पदार्थ छुपाकर रखा गया है। जब गहन जांच की गई तो स्विफ्ट कार के डैशबोर्ड में बने गुप्त तहखाने से अफीम और डोडा बरामद हुआ, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईशू कुमार सिंह उर्फ नन्हे और विजय कुमार गुप्ता उर्फ बिक्की के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ खूंटी जिला के तमाड़–रायडीह क्षेत्र से लाकर बरही की ओर सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.980 किलोग्राम अफीम, 20 किलोग्राम डोडा, ₹5,500 नकद, एक स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी जब्त सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सीज़ किया गया।
इस छापामारी दल में SDPO अमित आनंद, इंस्पेक्टर ललित कुमार (बड़कागांव अंचल), कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, नई कार के डैशबोर्ड में तहखाना बनाकर की जा रही तस्करी यह दर्शाती है कि मादक पदार्थ तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन हजारीबाग पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया गया है।