द फॉलोअप डेस्क
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों की घोषणा हो चुकी है। झारखंड से बीजेपी को 8 व आजसू के 1 प्रत्याशी जीत दर्ज कर संसद पहुंचे हैं। अब चर्चा हो रही है कि एनडीए के 9 में से 2 सांसद को मंत्री पद मिल सकता है। इनमें आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी और कोडरमा से दूसरी बार चुनाव जीतने वाली अन्नपूर्णा देवी का नाम है। बता दें कि अन्नपूर्णा देवी निवर्तमान सरकार में केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री हैं। वहीं गोड्डा से निशिकांत दुबे चौथी बार सांसद बने हैं। उनको भी सांसद में जगह मिल सकती है।
निशिकांत दुबे को भी मिल सकता है मौका
गोड्डा से निशिकांत दुबे लगातार चौथी बार सांसद बने हैं। उन्होंने बड़े अंतर से कांग्रेस के प्रदीप यादव को शिकसत दी है। लोकसभा में बीजेपी के पक्ष को दमदार तरीके से रखने वाले निशिकांत की छवि आक्रामक सांसद की रही है। साथ ही संताल इलाके में सिर्फ एक सीट गोड्डा पर बीजेपी को जीत मिली है। ऐसे में संताल परगना से प्रतिनिधित्व देने की बात सामने आयी तो निशिकांत दूबे को अवसर मिल सकता है। वहीं राज्य में नवंबर-दिसंबर महीने में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। आगामी चुनावों में कुरमी वोटरों को साधने की भी चुनौती है। इस दिशा में पार्टी आगे बढ़ी तो एनडीए के सहज सहयोगी आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी व जमशेदपुर से भाजपा सांसद विद्युतवरण महतो के नाम पर भी विचार हो सकता है।
विद्युतवरण का नाम भी लिस्ट में
विद्युतवरण जहां तीसरी बार लगातार सांसद बने हैं, वहीं चंद्रप्रकाश चौधरी का यह दूसरा टर्म है। राज्य में लोकसभा की एससी आरक्षित सीट पर पलामू से जीते बीडी राम की जीत भी अहम है। दलित समाज को साथ जोड़े रखने की कवायद में बीजेपी बीडी राम को मौका दे सकती है। बीडी राम लगातार तीसरी बार लोकसभा के सांसद चुने गए हैं। झारखंड के पूर्व डीजीपी रहे बीडी राम भी जीत-हार के बड़े अंतर को बरकरार रख चुनाव जीते हैं।