logo

चतरा : गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर लोजपा नेता प्रेम सिंह से मांगी 2 करोड़ की रंगदारी, दी जान से मारने की धमकी

rangdari.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के चतरा जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब चर्चित समाजसेवी एवं लोजपा (रा) से जुड़े कद्दावर नेता प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। धमकी में दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग किए जाने का आरोप है।

पीड़ित के अनुसार, फोन पर बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो जान से मार दिया जाएगा। कथित रूप से यह भी कहा गया कि “एसपी, डीआईजी, आईजी और डीजी भी जिंदा नहीं बचा पाएंगे।

धमकी की खबर फैलते ही हंटरगंज सहित पूरे चतरा जिले में दहशत का माहौल बन गया है। प्रेम सिंह क्षेत्र में सामाजिक कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में इस घटना ने आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र पीड़ित को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।

घटना के बाद प्रशासन पर त्वरित और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। आमजन और राजनीतिक हलकों की नजर अब इस बात पर है कि पुलिस और प्रशासन इस कथित धमकी मामले में कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से कार्रवाई करते हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar chatra news chatra khabar crime news