logo

बड़ी खबर : 14वीं JSPC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित, आयोग ने और क्या बताया!

jpsc31.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई है। आयोग ने खुद यह  जानकारी दी है। गौरतलब है कि 25, 26  और 27 जुलाई को रांची जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा को स्थगित किया गया है। पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी, मामले की सीआईडी और रांची पुलिस से जांच और चेयरमैन एल खियांगते के इस्तीफे के बीच आयोग ने यह फैसला किया है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले छात्रों का आंदोलन भी जारी है।

 

परिणाम जारी होने के दिन से जारी है विवाद
गौरतलब है कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा के पीटी परीक्षा का परिणाम जिस दिन जारी किया गया, उसी दिन से यह परीक्षा विवादों में है। अभ्यर्थियों ने ओएमआर शीट के हवाले से यह दावा किया कि व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। हरियाणा समेत दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को बड़ी संख्या में चुना गया है। कम अंक वाले अभ्यर्थयों को भी पीटी परीक्षा में पास घोषित किया गया है। इन्हीं शिकायतों को लेकर अभ्यर्थियों ने पिछले दिनों जेपीएससी कार्यालय का घेराव भी किया था। इसी बीच, झारखंड में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रांची समेत अन्य शहरों में मशाल जुलूस निकाला और सरकार समेत आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। 

भाजयुमो कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी
22 जुलाई को भी भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रांची में प्रदर्शन किया। अन्य शहरों में विरोध प्रदर्शन जारी है। आयोग के दफ्तर के मुख्य गेट पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई, क्योंकि भीड़ बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्य दरवाजे तक पहुंची थी। गड़बड़ी मामले की जांच सीआईडी और रांची पुलिस मिलकर कर रही है। इस केस में जेपीएससी की असिस्टेंट परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत 4 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। कई अन्य कर्मियों का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के दफ्तर से भी डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त करके दफ्तर को सील कर दिया गया है। 
 

Tags - JPSCJPSC Main ExamJharkhandHemant Soren