रांची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में एनडीए विधायक दल की बैठक प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक नागेंद्र महतो, तथा कई विधायक—सी.पी. सिंह, शशिभूषण मेहता, देवेंद्र कुंवर, जनार्दन पासवान, आलोक चौरसिया, प्रदीप प्रसाद, रोशन लाल चौधरी, नीरा यादव, शत्रुघ्न महतो, अमित यादव, उज्ज्वल दास और मंजू देवी—मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि बैठक में राज्य सरकार की “विफलताओं” पर विस्तार से चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि सदन में जनता से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड “बारह कदम पीछे चला गया” और राज्य वित्तीय संकट की ओर बढ़ रहा है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि कई योजनाओं के शिलान्यास के बाद भी धन उपलब्ध नहीं होने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया।

छात्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर तीखे सवाल
नवीन जायसवाल ने कहा कि,
• छात्रवृत्ति बंद होने से आदिवासी, दलित, पिछड़े और गरीब वर्ग के छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
• परीक्षा शुल्क में भारी वृद्धि करके सरकार छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
• धान खरीद को लेकर सरकार गंभीर नहीं है—बिचौलियों के भरोसे किसान औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं।
• सरकार अभी तक क्रय केंद्र खोले जाने पर भी निर्णय नहीं ले सकी है।
उन्होंने कहा कि 3200 रुपये धान खरीद का वादा कर वोट लेने वाली सरकार 2400 रुपये में भी धान नहीं खरीद पा रही है।
“सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया” — भाजपा
जायसवाल ने कहा कि,
• 450 रुपये गैस सिलेंडर का वादा,
• 15 लाख रुपये स्वास्थ्य बीमा,
• 10 लाख नौकरियां —
इनमें से “किसी भी वादे पर अमल नहीं हुआ है” और सरकार “जनता के साथ धोखा” कर रही है।
एनडीए ने कहा कि वह सदन में इन सभी मुद्दों पर राज्य सरकार से जवाब मांगने के लिए तैयार है।