logo

कैलाश यादव बोले : गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सत्तापक्ष–विपक्ष मिलकर करें ठोस पहल

kailash_yadav4.jpg

रांची
प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव को विधानसभा सत्र में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों के बेहतर इलाज से जुड़ा सवाल उठाने के लिए साधुवाद व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदीप यादव ने न सिर्फ वादा निभाया बल्कि इस गंभीर बीमारी पर सरकार का ध्यान भी केंद्रित कराया है। कैलाश यादव ने बताया कि हाल ही में ‘लहू बोलेगा’ के बैनर तले विधायक क्लब में आयोजित कार्यक्रम में प्रदीप यादव मुख्य अतिथि थे और वह स्वयं राजद की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान ही प्रदीप यादव से अनुरोध किया गया था कि राज्य में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों के इलाज की स्थिति पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाए।


उन्होंने कहा कि थैलीसीमिया एक गंभीर और जन्मजात बीमारी है, जो बच्चों, शिशुओं और युवाओं में खून की कमी के कारण जानलेवा साबित होती है। झारखंड के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में प्रदूषित पानी, खराब हवा और सीमित संसाधनों के चलते इसका प्रभाव और अधिक गहरा है। राज्य में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जो सरकार के लिए चिंता का विषय है।
यादव ने कहा कि विधायक प्रदीप यादव ने इस मुद्दे को सदन में उठाकर राज्य के हजारों प्रभावित परिवारों की उम्मीदों को आवाज दी है।
राजद प्रवक्ता ने आगे कहा कि किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए डायलिसिस और कीमोथेरपी की उचित और उच्चस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों को मिलकर ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में ब्लड बैंक को और मजबूत करने तथा ब्लड डोनेशन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी कैंप आयोजित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest