द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतिका के पति समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला सावित्री देवी, निवासी कोड़ाकेल (खूंटी) के लिखित आवेदन पर दर्ज किया गया था, जिसमें उन्होंने अपनी पुत्री सुमति देवी (28 वर्ष) की हत्या का आरोप लगाया था। सुमति देवी की शादी संजय साहू से हुई थी और वह गोठाईटांगर, पाकरटांड (सिमडेगा) की रहने वाली थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संजय साहू (31 वर्ष) एवं राजेश मांझी (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजेश मांझी और मृतिका के बीच प्रेम संबंध था। संजय साहू ने मृतिका के चरित्र को लेकर राजेश को उकसाया और गोवा से फोन पर हत्या की योजना बनवाई। 10 दिसंबर को राजेश मांझी ने रस्सी से गला घोंटकर सुमति देवी की हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल व रस्सी जलाई गई। पुलिस ने स्कूटी, मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद कर ली है।