logo

जमशेदपुर : कांग्रेस कार्यालय में एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैंप आयोजित, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

medical_camp.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर के बारीडीह स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन हुआ। इस स्वास्थ्य शिविर में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों और विशेषज्ञों की टीम ने आम लोगों को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई। मेडिकल कैंप में किडनी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कैंसर, दंत एवं नेत्र जांच की समुचित व्यवस्था की गई थी। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से किडनी के सुपर स्पेशलिस्ट डॉ. रितेश काउंटिया, कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. दिव्य मंडल, डॉ. एमए. खान (फिजिशियन) तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राज कपूर प्रसाद अपनी फोर्टिस हॉस्पिटल की टीम के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा सदर अस्पताल की मेडिकल यूनिट ने भी शिविर में अहम भूमिका निभाई।

इस दौरान महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के मामलों को ध्यान में रखते हुए 15 से 26 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों के लिए निःशुल्क वैक्सीनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 50 बच्चियों को टीकाकरण किया गया। डॉक्टरों द्वारा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की गईं। इस शिविर में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दुबे ने सभी चिकित्सकों, विशेष रूप से फोर्टिस हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा कांग्रेस की मूल भावना है। भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jamshedpur news jamshedpur khabar jamshedpur congress office medical camp