द फॉलोअप डेस्क
साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रांची होकर गुजरने और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को रांची में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सिमडेगा में पांच और देवघर में तीन मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में बादलों की लुका-छिपी के बीच धुर्वा, हटिया, कोकर और कांके रोड समेत कुछ इलाकों में अचानक जोरदार बारिश हुई। बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया और उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली। हालांकि, शहर के कई मध्यवर्ती और रिहायशी इलाकों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 17 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में आकाश में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का असर सभी इलाकों में एक जैसा नहीं रहेगा, बल्कि कुछ क्षेत्रों तक सीमित रह सकता है। बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

21 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर
रांची शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर 21 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान रोजाना एक से दो बार बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 35.4 डिग्री और मेदिनीनगर का तापमान एक डिग्री बढ़कर 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

15 सितंबर तक सामान्य से 13 फीसदी ज्यादा बारिश
रांची में 15 सितंबर तक कुल 1056 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से करीब 13 प्रतिशत अधिक है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार हवा में अत्यधिक नमी और दोपहर के समय तापमान बढ़ने से स्थानीय स्तर पर बादलों का निर्माण हो रहा है। ये बादल पूरे शहर को ढकने के बजाय सीमित दायरे में केंद्रित होते हैं, जिसके कारण कुछ इलाकों में अचानक तेज बारिश होती है, जबकि आसपास के क्षेत्र सूखे रह जाते हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का सिलसिला बना रहने की संभावना है।