logo

झारखंड सरकार सिर्फ कोयला, बालू और पत्थर की लूट से ही नहीं, अपराधियों से भी कमा रही है- मरांडी

blal.jpeg

धनबाद 

बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने आज धनबाद में कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार सिर्फ कोयला, बालू, पत्थर की लूट से ही नहीं, अपराधियों से भी कमा रही है। मरांडी ने आगे कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों और पुलिस में गठजोड़ है। इस गठजोड़ को राज्य की सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। बता दें कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी आज धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर जनाक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे। 

धनबाद अपराध का केंद्र बन गया
बीजेपी की ओर से आयोजित रैली में सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, गणेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व अन्य लोग शामिल थे। मरांडी ने कहा कि राज्य में जब से हेमंत सोरेन की सरकार बनी है, अपराधियों, भ्रष्टाचारियों का मनोबल बढ़ा है। इस मामले में हेमंत है तो हिम्मत है का नारा चरितार्थ हो रहा है। उन्होंने कहा कि धनबाद अपराध का केंद्र बन गया है। कोयले की लूट मची है। आजाद भारत में सर्वाधिक कोयले की लूट हेमंत सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में हुई है।

टनल में सबसे ज्यादा मजदूर झारखंड के फंसे थे

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार अपराधियों को जेल में गैर कानूनी सुविधा मुहैया करा रही है। अपराधी जेल से रंगदारी मांग रहे हैं। अपराधियों का विदेशों से भी कनेक्शन उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को लाखों रूपए की कमाई धनबाद से हो रही। राज्य से व्यापारी पलायन कर रहे हैं। छोटे- छोटे व्यावसायियों,ठेला खोमचा वालों से भी अपराधी वसूली कर रहे हैं। पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। कहा कि यह सरकार काम करती तो लोगों को रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ता। उत्तराखंड टनल में सबसे ज्यादा मजदूर झारखंड के ही फंसे थे।