रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड मंत्रिमंडल की अहम बैठक हुई, जिसमें 33 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार ने दावा किया कि ये फैसले प्रशासनिक सुधार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व बढ़ोतरी के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण हैं।
स्टूडेंट्स और डॉक्टरों के लिए बड़ा लाभ
• गोड्डा होम्योपैथिक कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 10,000 से बढ़ाकर 17,000 रुपये कर दिया गया है।
• रिम्स के 15 सहायक प्राध्यापकों को 1 जुलाई 2019 से लंबित प्रोन्नति देकर प्राध्यापक पद पर पदोन्नत किया गया।
• मुख्यमंत्री SC/ST सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत UPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को अब 1 लाख की जगह 1.5 लाख रुपये तैयारियों के लिए मिलेंगे।
• इस योजना में पारिवारिक आय सीमा भी बढ़ाई गई—2.5 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई, जिससे अधिक छात्र लाभान्वित होंगे।

किसानों के लिए राहत—धान खरीद मूल्य तय
सरकार ने खरीफ सीजन के लिए धान खरीद मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 100 रुपये प्रति क्विंटल विशेष सहायता शामिल है। यह फैसला किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर समर्थन मूल्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
झारखंड में उत्पादित लोहे, कोयला, चूना पत्थर, बॉक्साइट जैसे खनिजों पर सेस (कर) में वृद्धि का निर्णय लिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे राज्य की आमदनी बढ़ेगी और विकास योजनाओं को गति मिलेगी। सरकार के अनुसार, कैबिनेट के ये निर्णय शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व से जुड़े क्षेत्रों में झारखंड को नई दिशा देंगे।
