द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली से गोवा के लिए रवाना हुई इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को बुधार को मुंबई में आपातकालीन लैंडिग करानी पड़ी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गयी। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए करीब 17 मिनट तक विमान को हवा में घुमाने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।
बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद से देश में विमानों में तकनीकी दिक्कतों के कई मामले सामने आ चुके हैं। एक आरटीआई रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 5 सालों में भारत में विमानों के इंजन फेल होने के 65 मामले दर्ज किए गए हैं। इसी तरह बुधवार सुबह दुबई से लखनऊ पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी आ गयी। जांच के बाद विमान को उड़ान से रोक दिया गया। सभी 166 यात्रियों को होटल में ठहराया गया है। बोर्डिंग के बाद जैसे ही पायलट ने इंजन स्टार्ट किया, गड़बड़ी सामने आई। इंजीनियरों की कोशिश के बावजूद समस्या हल नहीं हुई, जिसके बाद उड़ान रद्द कर दी गयी।
मंगलवार को दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट को पटना एयरपोर्ट पर लैंडिग के वक्त 'गो अराउंड' करना पड़ा। अस्थिर एप्रोच के चलते पायलट को पहली कोशिश में विमान दोबारा हवा में ले जाना पड़ा। दूसरी बार में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। इससे पहले, 9 जुलाई को दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट पक्षी टकराने की वजह से उड़ान के बाद वापस पटना लौट आई थी।
