रांची
झारखंड के किसान अब 1 रुपये में फसल बीमा योजना का लाभ के लिए 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पहले ये तिथि 31 अगस्त तक निर्धारित थी। इस बारे में कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने एक ट्वीट कर जानकारी दी है। कहा है, खुशहाल किसान, समृद्ध प्रदेश। अब राज्य के किसान योजना के तहत 15 सितंबर तक फसलों का बीमा करा सकते हैं।
बता दें कि झारखंड के किसानों को राहत पहुंचाते हुए हेमंत सोरेन सरकार ने एक बार फिर से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना योजना शुरू की है। इस योजना के तहत एक रुपये में फसलों का बीमा किया जाएगा। राज्य के किसानों के लिए यह योजना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि पिछले दो साल से राज्य में कोई भी फसल बीमा योजना लागू नहीं थी। राज्य के किसानों की जरूरतों को देखते हुए यह योजना फिर से शुरू की गई है। इससे किसानों को एक रुपये के प्रीमियम का भुगतान करके खरीफ और रबी सीजन की कुल 5 फसलों पर बीमा का लाभ मिलेगा।

कृषि मंत्री ने आगे कहा कि आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार फिर से शुरू की गयी है। सरकारी पदाधिकारी आपके घर-द्वार पहुंचकर आपकी समस्याओं का निदान कर रहे हैं। शत प्रतिशत आवेदनों का निपटारा होगा। आप भी आकर इन योजनाओं का लाभ लीजिए ये आपका हक़ है।
