logo

कार में छुपाकर हो रही थी शराब की तस्करी, ऑटो को मारी टक्कर तो खुली पोल

toyota.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले से शराब की अवैध तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां लग्जरी कार से बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब को गिरिडीह जिले के तिसरी पुलिस ने जब्त कर लिया है। साथ ही चालक को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वाइट कलर की BR09V5182 नंबर की नई टोयोटा ग्लान्जा कार में बंगाल की कंपनी की शराब लोड कर तिसरी होते हुए लोकाय, थानसिंहडीह के बाद बिहार ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तिसरी थाना क्षेत्र के बरमसिया-चंदौरी रोड पर इस कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी।
जिसके बाद लोगों की भीड़ लग गई और कार में शराब होने के शक पर उसकी तलाशी ली गई. कार में भारी मात्रा में अवैध शराब रखा हुआ था। लोगों ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। हालांकि इसी बीच वाहन चालक ने कार को वहां से हटाकर नईटांड गांव जाने वाले रस्ते में छुपा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को ढूंढ़ निकाला साथ ही चालक को भी हिरासत में लेकर थाना ले आई।
कार में डिक्की के अलावे बोनट के नीचे इंजन के पास के खाली जगहों में शराब के पैकेट भरे गए थे। कार के निचले हिस्से को टिन के चादर व स्क्रूप के सहारे जाम कर उसमें यह शराब भरा गया था। मामले को लेकर खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी ने सोमवार को तिसरी थाना परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि कार में ओनली सेल फोर बंगाल की 180 ML की 274 और 180 ML की 10 यानि कुल 284 बोतल अवैध शराब लोड कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने नईटांड के पास से कार को जब्त किया है साथ ही चालक को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चालक बिहार के बेगूसराय जिले के बिष्णुपुर का रहने वाला राजेश मंडल पिता बनारसी मंडल है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update giridih news giridih khabar giridih update