द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही हंगामे और विधायी कार्यों के बीच पूरी हुई। विपक्षी दल भाजपा विधायकों के जोरदार विरोध के बीच सदन में 7,721 करोड़ का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया गया और इसके साथ ही सदन की कार्यवाही 9 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सुबह के स्थगन के बाद दोपहर 12:00 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी विधायक वेल में घुस गए और हंगामा और नारेबाजी करने लगे। हंगामा और नारेबाजी के बीच ही स्पीकर ने विधायकों से शून्य काल के प्रश्न लिए। उसके बाद ध्यान आकर्षण सूचनाओं पर भी चर्चा कराई और प्रभारी मंत्रियों से जवाब दिलवाया। 
लेकिन पूरी कार्यवाही के दौरान भाजपा विधायक जमकर ताली बजाते रहे, नारेबाजी करते रहे और सदन चलता रहा। अंत में 12:45 बजे वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर द्वारा 7721 करोड रुपए का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया गया। इसके साथ ही स्पीकर ने 9 दिसंबर तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। कल द्वितीय अनूपूरक पर सदन में तीन घंटे की चर्चा होगी।