logo

रांची में भारत-दक्षिण अफ्रीका का वनडे मुकाबला आज, दोपहर 3:30 बजे तक होगी एंट्री

match3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के JSCA स्टेडियम में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे का पहला मुकाबला खेला जाएगा। टॉस दोपहर के 1 बजे होगा और मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, वहीं दोनों टीमें दोपहर 12 बजे तक स्टेडियम पहुंच जाएंगी। 
इस दौरान दर्शकों के लिए एंट्री सुबह 11:30 बजे से शुरू हो जाएगी और दोपहर 3:30 बजे तक गेट बंद कर दिए जायेंगे। दर्शकों से टिकट पर अंकित गेट से ही प्रवेश लेने की अपील की गई है। दर्शकों के एक बार प्रवेश कर जाने के बाद बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। और यदि बाहर चले जाते हैं तो उन्हें दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वहीं स्टेडियम के अंदर खाने-पीने के स्टाल लगाये गए हैं। 
मैच को लेकर रांची प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट दिखाई दे रहा है। मैच को ध्यान में रखते हुए शहर में चार हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। बता दें कि रांची के JSCA स्टेडियम में तीन साल बाद वनडे मुकाबला हो रहा है। जिससे दर्शकों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। सभी टिकट भी काफी कम समय में बिक चुके हैं।
रांची के ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया है। भारी वाहनों की शहर में प्रवेश पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। पार्किंग के लिए 10 पार्किंग स्थल तैयार किये गए हैं। जिनमें सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, नेहरू स्टेडियम, मियां मार्केट, संत थॉमस स्कूल के पास, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान शामिल हैं। 
स्टेडियम के अंदर कई सामानों को ले जाने पर प्रतिबन्ध लगाया गया है, जिनमें कांच और प्लास्टिक की बोतलें, सिगरेट, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, धातु के कंटेनर, हथियार, हेलमेट, खाना, शराब, डीएसएलआर कैमरा, वीडियो रिकॉर्डर और तंबाकू उत्पाद शामिल हैं। प्रशासन ने अपील की है कि सभी दर्शक सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि मैच के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update  ranchi news ranchi khabar one day match JSCA ODI