logo

आज झारखंड के 14 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले का मौसम

आज झारखंड के 14 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले का मौसम

द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज (Today) यानी 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक, वज्रपात, बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 9 अक्टूबर तक मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

आज 14 जिलों में बारिश के साथ तेज हवा का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, आज लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 6 और 7 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं, रांची में 6 से 8 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

9 अक्टूबर को 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
रांची समेत झारखंड के कई जिलों में 8 अक्टूबर तक बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। रांची में भी कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आंधी और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

रांची में 28-29, जमशेदपुर में 32-33 डिग्री रहेगा तापमान
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20-21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची में अधिकतम 28 और न्यूनतम 21 डिग्री तापमान रह सकता है। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री, जबकि धनबाद और बोकारो में दिन का तापमान 31-32 डिग्री और रात का तापमान 23-25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पलामू में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और गुमला में 28-30 डिग्री के बीच रह सकता है। इससे पहले 5 अक्टूबर को रांची में अधिकतम 30.6 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, जमशेदपुर में 35.2 और 23 डिग्री तथा डाल्टनगंज में 35.4 और 22.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

10 अक्टूबर से मौसम में सुधार, 11 से आसमान साफ रहने की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 6 अक्टूबर को राज्य में बादल, गरज-चमक, बारिश और तेज हवा का असर रहेगा। 7 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश और वज्रपात हो सकता है। 8 अक्टूबर को भी गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 9 अक्टूबर को आंधी और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है। 10 अक्टूबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं। इस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है और रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 11 अक्टूबर से आसमान साफ रहने और मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है।

3 अक्टूबर से झारखंड से मानसून की वापसी शुरू
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 3 अक्टूबर से झारखंड से वापसी शुरू कर दी है। हालांकि मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है।

Tags - Jharkhand Weather Ranchi Weather IMD Ranchi Jharkhand Rain Alert Jharkhand News