logo

लंबित छात्रवृत्ति को लेकर भाजयुमो ने निकाला अर्थी जुलूस, मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

bjym1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लंबित छात्रवृत्ति की भुगतान की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ छात्रों के साथ-साथ अब राजनीतिक संगठन भी सड़क पर उतर गए हैं। पिछले दो वर्षों से राज्य के लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है। इसे लेकर आज 16 दिसंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक अर्थी जुलूस निकालकर जमकर राज्य सरकार विरोधी नारे लगाए। 
इस जुलूस का नेतृत्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के द्वारा किया जा रहा था, जो जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। अर्थी जुलूस और सरकार विरोधी नारे के बीच भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने बीच चौराहे पर पुतला दहन किया।
इस मौके पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि एक तरफ छात्र, छात्रवृति को लेकर परेशान हैं और सरकार निश्चिंत है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने का कारण सरकार टेक्निकल वजह बताकर अपनी खामी छुपाने में लगी हुई है। यदि छात्रों को छात्रवृत्ति का भुगतान जल्द नहीं किया जाता है तो भाजयुमो के कार्यकर्ता इससे भी उग्र आंदोलन करेंगे।
वहीं महानगर भाजपा के वरुण साहू ने सरकार पर निशाना साधा और कहा दो वर्ष से राज्य के लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं दी जा रही है और राज्य सरकार केवल बहाना बनाने में लगी हुई है। उन्होंने आगे कहा "पैसों को इधर से उधर कर किसी तरह महिलाओं को मंईयां योजना के तहत पैसे दिए जा रहे हैं। लंबित छात्रवृत्ति के लिए केंद्र सरकार पर दोष डालने के बजाय सरकार को चाहिए कि सभी तकनीकी अड़चनों को दूर कर छात्रों को जल्द से जल्द भुगतान करें नहीं तो आने वाले समय में आंदोलन और भी आक्रामक होगा।"
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar BJYM BJP ranchi news ranchi khabar