logo

झारखंड में 13 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवा की संभावना, जानें अपने जिल का हाल

झारखंड में 13 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवा की संभावना, जानें अपने जिल का हाल

रांची:
Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में 11 से 13 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाने, गरज-चमक होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि, 14 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है और आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है।

तीन दिनों तक कई इलाकों में बारिश के संकेत
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बादल बनने की भी संभावना है। 12 अक्टूबर को गढ़वा को छोड़कर राज्य के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इनमें हजारीबाग, रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़ और लोहरदगा समेत दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के कुछ इलाके शामिल हैं। वहीं, 13 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड और उससे सटे मध्यवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है।

14 अक्टूबर से शुष्क रहने की उम्मीद
लगातार तीन दिनों तक मौसम में बदलाव के बाद 14 अक्टूबर से राहत मिलने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार, इस दिन आसमान साफ रह सकता है और बारिश की गतिविधियां कम होने के आसार हैं। इसके बाद 15 और 16 अक्टूबर को भी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

रांची में 29 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 11 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 और 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान बढ़कर 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

तेज हवा और वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बारिश, गरज-चमक और तेज हवा के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें। बिजली चमकने के समय पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। साथ ही, मौसम विभाग की ओर से जारी स्थानीय चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।

Tags - Jharkhand Weather Ranchi Weather Rain Alert Weather Forecast Jharkhand News