रामगढ़:
RAMGARH NEWS: झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिका के दर्शन और पूजा-अर्चना करने जा रहे एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। इस हृदयविदारक घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायल को 50 हजार रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जताया दुख
रामगढ़ सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक X हैंडल से जारी पोस्ट में उन्होंने कहा कि रामगढ़ में हुए सड़क हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहा था परिवार
दरअसल, यह हादसा रविवार तड़के करीब 2 बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर पैंकी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, 14 लोगों से भरी एक स्कॉर्पियो की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले थे। परिवार के सभी सदस्य रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिका के दर्शन और पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
शिक्षिका की नौकरी मिलने की खुशी में जा रहा था परिवार
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार की एक महिला सदस्य को सरकारी शिक्षिका की नौकरी मिली थी। इसी खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। परिवार के लिए यह मौका खुशियां मनाने का था, लेकिन मंदिर पहुंचने से पहले ही हुए भीषण हादसे ने सब कुछ बदल दिया। जिस परिवार में नई नौकरी मिलने की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। फिलहाल हादसे में घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।