logo

जामताड़ा के इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी को CM हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित, मिला सराहनीय सेवा पदक

जामताड़ा के इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी को CM हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित, मिला सराहनीय सेवा पदक

जामताड़ा: 
JAMTARA NEWS:
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित स्थापना पखवाड़े का शनिवार को खेलगांव में भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। 15 से 28 नवंबर तक चले इस स्थापना पखवाड़े के समापन समारोह में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जामताड़ा जिले के नाला एवं कुंडहित के सर्किल इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं उनके सीने पर मेडल लगाकर उन्हें सम्मान प्रदान किया।

जामताड़ा जिले के इकलौते पुलिस इंस्पेक्टर को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वाले बिहारी मरांडी जामताड़ा जिले के इकलौते पुलिस इंस्पेक्टर हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी और हर्ष का माहौल है। स्थानीय पुलिस प्रशासन के बीच भी इस सम्मान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि की चर्चा पूरे जिले में हो रही है।

पहले भी राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री से मिल चुका है सम्मान
गौरतलब है कि इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी इससे पहले भी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी के लिए सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2020 में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2022 में भी मुख्यमंत्री के हाथों उन्हें वीरता पदक प्रदान किया गया था। अब एक बार फिर उन्हें सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

सम्मान से बढ़ा जिम्मेदारी के साथ काम करने का हौसला
सराहनीय सेवा पदक मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी ने कहा कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी के लिए यह सम्मान बेहद मायने रखता है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्यों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिलना बेहद गौरव की बात है। इस तरह के सम्मान से आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।

Tags - Bihari MarandiJamtara NewsHemant SorenJharkhand PolicePolice Award