जमशेदपुर:
JAMSEDPUR NEWS: अरका जैन विश्वविद्यालय (एजेयू), झारखंड के स्कूल ऑफ नर्सिंग में आयोजित छह दिवसीय स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम ‘आरंभ ’26’ संपन्न हो गया। बीएससी नर्सिंग और जीएनएम पाठ्यक्रम में नव नामांकित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसका उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल, संस्थागत मूल्यों, अनुशासन और नर्सिंग पेशे की जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।

विशेषज्ञों ने साझा किए अपने अनुभव
समारोह में ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जमशेदपुर के फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, गम्हरिया के मेडिकल ऑफिसर-इन-चार्ज डॉ. अनंत के. महतो ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। भारतीय सेना की पूर्व अधिकारी और इमोशनल इंटेलिजेंस कोच लेफ्टिनेंट कर्नल संगीता सिन्हा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा मदर टेरेसा टाटा मोटर्स हॉस्पिटल की सीनियर मैनेजर एलिजाबेथ डी. एंटनी और बिहार के किशनगंज स्थित रेडिएंट इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस की प्राचार्य प्रो. मनीषा अग्रवाल ने भी अपने अनुभव साझा किए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नर्सिंग के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी।

सेवा भावना और संवेदनशीलता को बताया नर्सिंग की पहचान
छह दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने नर्सिंग पेशे से जुड़ी बारीकियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक बेहतर नर्स बनने के लिए किताबी ज्ञान के साथ सेवा भावना, समर्पण और संवेदनशीलता का होना भी जरूरी है। सत्रों के दौरान अनुशासन, नैतिक मूल्यों, मरीजों की बेहतर देखभाल, भावनात्मक समझ और पेशेवर व्यवहार जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को लगातार सीखते रहने और अपने कौशल को बेहतर बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया और जिम्मेदारी का भाव बेहद महत्वपूर्ण है।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के शीर्ष अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) अंगद तिवारी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, जॉइंट रजिस्ट्रार डॉ. जसबीर सिंह धनजल, पूर्व विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. (डॉ.) एस.एस. रजी और स्कूल ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज की डीन प्रो. (डॉ.) ज्योतिर्मयी साहू उपस्थित रहीं। सभी ने नए विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक और पेशेवर सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या श्रीमती जीनू एनी जोसेफ ने किया।
नर्सिंग सिर्फ पेशा नहीं, मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा दायित्व: रजिस्ट्रार
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान अनुशासन और ईमानदारी बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही लगातार नई चीजें सीखने और भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी अपने ज्ञान, कौशल और संवेदनशील व्यवहार के जरिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।