logo

26 साल का झारखंड: शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी ढांचे में कितना बदला राज्य...

26 साल का झारखंड: शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी ढांचे में कितना बदला राज्य...

सूरज कुमार ठाकुर/रांची:

झारखंड को 26वां बसंत लगा है। लंबे आंदोलन के बाद 15 नवंबर साल 2000 को अस्तित्व में आया झारखंड अब वर्ष 2026 में युवा हो चुका है। उर्जा और संभावनाओं से भरा हुआ। प्रदेश की कमान एक युवा मुख्यमंत्री के हाथों में है और आबादी का एक बड़ा हिस्सा ऐसा है जो शिक्षा, कला, संगीत, खेलकूद और नवाचार के क्षेत्र में आसमान छूने को आतुर है। खनिज संपदा, घने जंगल, आदिवासी संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण इस प्रदेश का गठन बड़ी उम्मीदों से हुआ। राज्य गठन के पीछे तर्क था कि खनिज संसाधनों से परिपूर्ण संयुक्त बिहार के इस हिस्से का दोहन तो खूब होता है, लेकिन उसकी बड़ी आबादी विकास से अछूती है। बात केवल विकास की नहीं थी। मुद्दा समान राजनीतिक भागीदारी और आवाज का भी था। 

झारखंड में शिक्षा की चुनौती और बदलाव की तस्वीर
जब झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया तो बड़ा सवाल था कि क्या यहां के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। आज 26 साल बाद झारखंड ने कई क्षेत्रों में बड़ी लंबी दूरी तय की है। स्कूलों का विस्तार हुआ है। उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या बढ़ी है। नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बने हैं। खेल के क्षेत्र में झारखंड ने अंतर्राष्ट्रीय पहचान हासिल की है तो वहीं सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है। हालांकि, दूसरी तरफ कुपोषण, चिकित्सकों की कमी, शिक्षा की गुणवत्ता, ग्रामीण कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय असमानता जैसी चुनौतियां अब भी मौजूद हैं। झारखंड का मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं किया जा सकता है कि यहां कितनी योजनाएं शुरू हुईं या कितनी इमारतें बनी हैं। असली सवाल है कि इन बदलावों का लाभ आम आदमी, खासकर ग्रामीण और आदिवासी आबादी तक कितना पहुंचा। 

गौरतलब है कि जब अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ तो शिक्षा, इस प्रदेश की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल थी। ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में स्कूलों की कमी, शिक्षकों का अभाव, गरीबी और बच्चों के ड्रॉपआउट जैसी समस्याएं भी थीं। झारखंड में अधिकांश आबादी ग्रामीण इलाकों में निवास करती थी। गांव दुर्गम पहाड़ी इलाकों में बसे थे। प्रदेश के 24 में से 22 जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। वर्ष 2001 में झारखंड का साक्षरता दर महज 53.56 फीसदी था, जो वर्ष 2023-24 में बढ़कर 76.70 फीसदी हो गया। 

महिला शिक्षा के मोर्चे पर किस पायदान पर खडा है झारखंड
महिला शिक्षा में झारखंड में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2001 में महिलाओं में साक्षरता केवल 39 फीसदी थी। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट 2023-24 के मुताबिक प्रदेश में अब महिला साक्षरता दर 72.6 फीसदी पर पहुंच गई है। इससे यह संकेत मिलता है कि शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। इसके बावजूद झारखंड महिला शिक्षा के मोर्चे पर देश के 20 राज्यों से पीछे है। केंद्र सरकार की सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की 2023-24 की रिपोर्ट के मुताबिक 7 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं की साक्षरता दर झारखंड में 70.6 फीसदी है, जबकि राष्ट्रीय औसत 74.6 प्रतिशत है।

मिजोरम, केरल, नागालैंड, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, गोवा, असम, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तराखंड और ओडिशा महिला साक्षरता के मामले में झारखंड से बेहतर स्थिति में हैं। 

राज्य सरकार महिला शिक्षा में सुधार के लिए कई प्रयास कर रही है। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना आदि का संचालन किया जा रहा है। 

स्कूली शिक्षा के विस्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यू-डाइस 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक झारखंड में 44,475 स्कूलों में कुल 68.64 लाख विद्यार्थी नामांकित थे। उच्च शिक्षा में भी संस्थानों की संख्या बढ़ी है। झारखंड के चांसलर पोर्टल के मुताबिक झारखंड में 9 यूनिवर्सिटी और 246 कॉलेज दर्ज हैं। हालांकि, स्कूलों में नामांकन बढ़ना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना दो अलग बातें हैं। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट-2023-24 के मुताबिक सरकारी स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात 36:1 हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 24:1 है। माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर 15.2 फीसदी है, जबकि शुरुआती कक्षा में दाखिला लेने वाले 100 विद्यार्थियों में केवल 19.7 विद्यार्थी ही माध्यमिक शिक्षा पूरी कर पाते हैं।

राज्य में उच्च शिक्षा का सकल नामांकन अनुपात 2016-17 के 15.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 20 प्रतिशत हुआ, लेकिन राष्ट्रीय औसत 24.4 फीसदी है। 

झारखंड में शिक्षा का दायरा तो बढ़ा है, लेकिन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति, पढ़ाई की गुणवत्ता और माध्यमिक से उच्च शिक्षा तक विद्यार्थियों को बनाए रखना अब भी बड़ी चुनौती है। झारखंड सरकार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की है। 

झारखंड में स्वास्थ्य सेवा की चुनौतियां और बदलाव
राज्य गठन के समय झारखंड के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को रांची, जमशेदपुर या दूसरे राज्यों के बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। पिछले 26 वर्षों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का विस्तार हुआ है। इसका असर स्वास्थ्य संकेतकों में भी दिखाई पड़ता है।

मसलन, झारखंड में शुरुआती दिनों में मातृ मृत्यु दर प्रति लाख जीवित जन्म पर 165 था, जो अब 54 तक पहुंच गया है। उसी प्रकार शिशु मृत्यु दर प्रति 1000 जीवित जन्म पर 29 था, जो अब 25 हो गया है। वर्ष 2016 तक महज 16.9 फीसदी गर्भवती महिलायें ही संस्थागत प्रसव कराती थीं, लेकिन अब 85.7 फीसदी महिलायें संस्थागत प्रसव यानी अस्पताल में बच्चे को जन्म देती हैं। दिसंबर 2025 तक 87.7 फीसदी जच्चा-बच्चा का पूर्ण टीकाकरण हो चुका था। मातृ मृत्यु दर में लगभग 67 फीसदी की कमी आई है, जो खास उपलब्धि है। इसका मतलब यह है कि गर्भवती महिलाओं के लिए संस्थागत प्रसव, स्वास्थ्य सेवाओं और मातृ सुरक्षा कार्यक्रमों का विस्तार हुआ है।

स्वास्थ्य सेवाओं के इस्तेमाल में भी वृद्धि देखी गई है। सरकारी अस्पतालों में OPD मरीजों की संख्या 2020-21 में 95.49 लाख थी, जो 2024-25 में बढ़कर 2.46 करोड़ हो गई है। वहीं, राज्य में 4,996 सरकारी स्वास्थ्य संस्थान हैं जिनमें 16,719 बेड हैं। 

चुनौती यहीं खत्म नहीं हो जाती है। झारखंड में विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्वीकृत पदों में केवल 54.5 फीसदी पद ही भरे हैं। ग्रेड-ए नर्सों के पदों पर नियुक्ति की दर 61.1 फीसदी है तो वहीं 2,280 स्वीकृत MBBS चिकित्सा पदों में केवल 1,613 पद ही भरे हैं। 39.9 फीसदी बच्चे बौनेपन तो वहीं 39.4 फीसदी बच्चे कम वजन की समस्या से ग्रसित हैं।

बीते कुछ वर्षों में कई उल्लेखनीय काम भी हुए है। देवघर में एम्स की स्थापना हुई है। पलामू, हजारीबाग और दुमका में नए मेडिकल कॉलेज बने हैं। झारखंड ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार किया है, लेकिन अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स, आधुनिक उपकरण और बेहतर इलाज की उपलब्धता सुनिश्चित करना अगली बड़ी चुनौती है। 

कब तक धौनी, सलीमा टेटे और दीपिका संभालेंगे जिम्मेदारी!
झारखंड के साथ हॉकी, तीरंदाजी और क्रिकेट की चर्चा होती है। झारखंड ने हॉकी में भारतीय महिला हॉकी टीम को सलीमा टेटे के रूप में युवा कप्तान ही नहीं दिया बल्कि निकी प्रधान, संगीता कुमारी, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग जैसी स्टार खिलाड़ी भी दिए हैं। ICC की तीनों मेगा ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी झारखंड से आते हैं। तीरंदाजी में दीपिका कुमारी का नाम उल्लेखनीय है। 

झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और संस्थागत ढांचे तथा प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है। झारखंड में रांची के खेलगांव, बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, जमशेदपुर का जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और मोरहाबादी में जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम इस बदलाव की नजीर हैं। पिछले 2 वर्षों में झारखंड ने जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम में 2 बड़ी अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन कराया है। इसके अलावा रांची का JSCA स्टेडियम नियमित अंतराल पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करता है। 

झारखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और उनको तराशने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी की स्थापना की गई थी। वर्ष 2016 में इस स्पोर्ट्स एकेडमी में बच्चों को ट्रेनिंग देना शुरू किया गया था। मई 2026 में द स्टेट्समैन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक एकेडमी में 220 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे थे, जबकि इसकी क्षमता 1,400 खिलाड़ियों की है। 2021-22 से अब तक एकेडमी से जुड़े खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 1,628 पदक जीते हैं। इनमें अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 4 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं।

फुटबॉल में अष्टम उरांव का नाम भूल सकता है क्या भला।

हालांकि, खेल के क्षेत्र में भी कई चुनौतियां हैं। ग्रामीण इलाकों में खेल के मैदान कम हैं। प्रशिक्षित कोच का अभाव है। आधुनिक उपकरण और खिलाड़ियों के लिए नियमित प्रतियोगिताओं की कमी है। खेलगांव जैसी बड़ी सुविधा तकरीबन सभी प्रमंडलों में विकसित की जानी चाहिए। 

सड़क, बिजली, पेयजल और संचार की राह पर कहां है राज्य!
झारखंड के विकास में बुनियादी ढांचा एक महत्वपूर्ण सवाल रहा है। खनिज संपदा से समृद्धि होने के बावजूद राज्य के कई ग्रामीण और आदिवासी इलाके सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी सुविधाओं के महरूम रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में यहां अपेक्षित सुधार भी हुआ है। झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट 2025-26 के मुताबिक राज्य में सड़क नेटवर्क वर्ष 2021 में 12,936 किमी था, जो 2025 में बढ़कर 15,046.52 किमी हो गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 3,500 किमी से बढ़कर 3,618 किमी हो गई है। राज्य राजमार्गों की लंबाई 1,231.9 किमी दर्ज की गई है। प्रमुख जिला सड़कों की लंबाई 4,845.7 किमी है।

10 किमी की यात्रा पूरी करने में लगने वाला औसत समय 2014 के 42 मिनट से घटकर वर्ष 2023 में 28 मिनट रह गया। हालांकि, राज्य में 4 और 6 लेन की सड़कों की कुल लंबाई केवल 238 किमी है। इसका मतलब है कि सड़क नेटवर्क का विस्तार तो हुआ है, लेकिन उच्च क्षमता वाले सड़क कॉरिडोर अभी सीमित हैं। 

बिजली के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक दिसंबर 2025 तक राज्य में बिजली की औसत उपलब्धता 2,645 मेगावाट रही, जबकि औसत चरम मांग 2,793 मेगावाट थी। बिजली की कमी घटकर केवल 148 मेगावाट रह गई है। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक नवीकरणीय उर्जा की स्थापित क्षमता मार्च 2021 के 78 मेगावाट से बढ़कर मार्च 2024 में 186 मेगावाट हो गई। हालांकि, बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ने के बावजूद ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत बनी हुई है। 

ग्रामीण पेयजल के क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत अगस्त 2019 में केवल 8.97 फीसदी परिवारों के पास नल से जलापूर्ति की सुविधा थी। फरवरी 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 55.17 फीसदी हो गया। राज्य के 62.53 लाख ग्रामीण परिवारों में से करीब 34.50 लाख परिवारों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, फिर भी राष्ट्रीय औसत 81.64 फीसदी से झारखंड पीछे है।

डिजिटल कनेक्टिविटी में भी बड़ा बदलाव आया है। राज्य के सभी 24 जिला मुख्यालयों और 259 प्रखंड मुख्यालयों को JharNet 2.0 नेटवर्क से जोड़ा गया है। 51,712 कॉमन सर्विस सेंटर पंजीकृत हैं, जिनमें 24,709 कार्यरत हैं। राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में कम से कम एक कार्यरत CSC उपलब्ध है। झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक भारतनेट के तहत 4,487 ग्राम पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी पहुंचाई गई है। 

26 साल में झारखंड के वार्षिक बजट में 24 गुना हुई वृद्धि
किसी भी प्रदेश का विकास का आकलन उसकी अर्थव्यवस्था और विकास कार्यों पर किए जाने वाले खर्च से भी किया जाता है। झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक राज्य का बजट 2001-02 में 6,067 करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 1,45,400 करोड़ रुपये हो गया। इसका मतलब है कि बीते 24 वर्षों में राज्य के बजट का आकार 24 गुना से ज्यादा हो गया। वहीं, 2026-27 में बजट में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए किए गये प्रावधान इस प्रकार हैं। शिक्षा, खेल और संस्कृति के लिए 19,320 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के लिए 7,997 करोड़ रुपये, परिवहन के लिए 6,994 करोड़ रुपये, जलापूर्ति एवं स्वच्छता 5,208 करोड़ रुपये और ग्रामीण विकास के लिए 19,687 करोड़ रुपये।

बजट में वृद्धि के साथ सरकार के पास विकास योजनाओं के लिए संसाधन भी बढ़े हैं, लेकिन बजट का आकार बढ़ना अपने आप में विकास का प्रमाण नहीं है।

यह देखना जरूरी है कि आवंटित राशि कितनी खर्च की गई और उससे लोगों के जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया है। 

विकास और बदलाव के मोर्चे पर झारखंड की प्रमुख चुनौतियां
झारखंड ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी ढांचे में तो प्रगति की है, लेकिन कई समस्याएं ऐसी हैं जो राज्य गठन के समय मौजूद थीं और आज भी पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी है। शिक्षा में गुणवत्ता का संकट है। स्कूलों में नामांकन बढ़ा है लेकिन शिक्षकों की कमी, ड्रॉपआउट और कमजोर सीखने के परिणाम चिंता का विषय हैं। फरवरी 2026 में विधानसभा के बजट सत्र में सरकार ने खुद माना था कि झारखंड में 9 हजार से ज्यादा स्कूल एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हैं।

रांची और जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में तो बेहतर स्वास्थ्य सुविधा है, लेकिन आज भी दूरदराज के आदिवासी इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की कमी है। पीएचसी, सीएचसी, अनुमंडल, रेफरल और सदर अस्पतालों में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है। झारखंड में विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के विपरित प्रति 3000 नागरिकों पर केवल 1 डॉक्टर हैं।

राज्य में खनिज संपदा की प्रचुरता है, लेकिन स्थानीय लोगों को पर्याप्त गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराना आज भी बड़ी चुनौती है। 

झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक आजीविका के लिए प्रदेश से प्रतिवर्ष अनुमानित 45 लाख लोगों का पलायन होता है। हम अक्सर समाचार पत्रों में देखते हैं कि झारखंड के प्रवासी श्रमिक दुबई, सोमालिया, मलेशिया और यूरोप के भी देशों तक में रोजगार की तलाश में जाकर एजेंट का शिकार बन जाते हैं।

पेयजल, सिंचाई, सड़क और बिजली की सुविधाओं  में जिला स्तर पर ही काफी अंतर है। दर्जनों खबरें हैं जहां सुदूरवर्ती दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सड़क के अभाव में एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी और मरीज तथा गर्भवती महिलाओं को खटिया या बहंगी पर लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा। 
झारखंड में बदलाव जिसकी सराहना हमारी जिम्मेदारी है!
26 साल पहले अस्तित्व में आए झारखंड ने निश्चित तौर पर विकास की दिशा में लंबा सफर तय किया है। साक्षरता दर में सुधार हुआ है। मातृ मृत्यु दर में कमी आई है। शिशु मृत्यु दर घटा है। सड़क कनेक्टिविटी बढ़ी है। खेल सुविधा का विकास हुआ है और स्वास्थ्य संसाधन भी बढ़े हैं, लेकिन झारखंड की इस विकास यात्रा का दूसरा पहलू यह भी है कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2024-25 में 1,16,663 रुपये थी, जो राष्ट्रीय औसत से करीब 60 फीसदी के आसपास है। यानी आर्थिक विकास के बावजूद आमदनी के मामले में झारखंड अभी भी राष्ट्रीय औसत से काफी नीचे है। 

झारखंड के खनिज संसाधनों का लाभ स्थानीय नागरिकों को नहीं मिल पा रहा है। झारखंड देश को कोयला, लोहा, बॉक्साइट, तांबा, अभ्रक और यूरेनियम जैसे महंगे और जरूरी खनिज देता है, लेकिन बदले में विस्थापन, पलायन, बेरोजगारी और बीमारी पाता है। जादूगोड़ा, झरिया, बड़कागांव और ललमटिया में स्थिति विकट है। झारखंड के 26 साल का लेखा-जोखा बताता है कि झारखंड ने बुनियादी ढांचा खड़ा करने और संस्थागत विकास में प्रगति की है, लेकिन अब असली परीक्षा इस विकास को रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और ग्रामीण समृद्धि में बदलने की है।

राज्य के अगले 10 वर्षों का विकास इसी बात पर निर्भर करेगा कि सरकार योजनाओं और बजट के आंकड़ों से आगे बढ़कर आम लोगों के जीवन में कितना वास्तविक बदलाव ला पाती है। 

Tags - Jharkhand Foundation Day 2026Jharkhand DevelopmentHealth and Education in JharkhandJharkhand UpdateThe Follow up Special Report