logo

BPSC शिक्षिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप

BPSC शिक्षिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क:

BPSC Teacher Missing: बिहार (Bihar) के वैशाली जिले में BPSC से चयनित शिक्षिका शिवानी कुमारी के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। शादी के महज नौ महीने बाद ससुराल से गायब हुईं शिवानी का पांच दिनों बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटी की तलाश में परेशान परिजनों ने शनिवार को समाहरणालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और उनकी जल्द बरामदगी की मांग की। वहीं, शिवानी के पिता कुंदन राय ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी की हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुटी हुई है।

 

 

25 नवंबर से लापता हैं BPSC शिक्षिका शिवानी कुमारी

मामला वैशाली जिले के जंदाहा प्रखंड के महिसौर थाना क्षेत्र स्थित मुर्तुजापुर गांव का है। यहां की रहने वाली शिवानी कुमारी की शादी 5 फरवरी 2026 को गौरव अभिषेक से हुई थी। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को शिवानी के ससुर ने उनके पिता कुंदन राय को फोन कर किसी काम के सिलसिले में ससुराल बुलाया था। जब पिता वहां पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि शिवानी घर से लापता हैं। इसके बाद 26 नवंबर को जब वह दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर पर ताला लगा हुआ था। परिजनों के मुताबिक, ससुराल पक्ष के सदस्य भी वहां मौजूद नहीं थे और उनके मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। इस घटनाक्रम के बाद मायके पक्ष ने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई।

दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका, FSL ने जुटाए साक्ष्य

शिवानी के पिता कुंदन राय का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि शादी में करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से नया मकान बनवाने के नाम पर अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही थी। पिता के मुताबिक, शिवानी ने कई बार फोन पर उन्हें प्रताड़ना की जानकारी भी दी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी पर दबाव बनाकर स्कूल में छुट्टी का आवेदन लिखवाया गया था। दूसरी तरफ, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। FSL की टीम ने शिक्षिका के कमरे से कुछ संदिग्ध नमूने एकत्र किए हैं, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी संभावित ठिकानों की छानबीन की गई। हालांकि, अब तक शिवानी का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

समाहरणालय पहुंचे परिजन, जल्द बरामदगी की मांग

शिवानी की तलाश में जुटे परिजनों का इंतजार अब बढ़ता जा रहा है। 28 नवंबर को परिवार के सदस्य वैशाली समाहरणालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर शिक्षिका की जल्द बरामदगी की मांग की। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिक्षिका की तलाश के साथ ही पिता की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की भी जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मामले में जांच पूरी होने का इंतजार है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर BPSC शिक्षिका शिवानी कुमारी कहां हैं और उनके लापता होने के पीछे की असली वजह क्या है?

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsVaishali BPSC teacher missingShivani Kumari missing caseBPSC teacher Shivani Kumari