logo

पीरपैंती में अडाणी पावर प्लांट के खिलाफ मशाल जुलूस, रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग

पीरपैंती में अडाणी पावर प्लांट के खिलाफ मशाल जुलूस, रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग

पीरपैंती/भागलपुर:

भागलपुर जिला के पीरपैंती में अदाणी पावर प्लांट के खिलाफ स्थानीय मांगों को लेकर रविवार की शाम महागठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व राजद विधायक रामविलास पासवान के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला। जुलूस में सैकड़ों लोगों की भागीदारी रही। प्रदर्शनकारियों ने अदाणी पावर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानीय जनता की मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
मशाल जुलूस के दौरान पूर्व विधायक रामविलास पासवान ने अदाणी पावर प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि पीरपैंती की जनता की जायज मांगों को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पावर प्लांट का निर्माण हो रहा है, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। रोजगार के अभाव में युवाओं को दूसरे प्रदेशों में पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कंपनी को स्थानीय युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए रोजगार में प्राथमिकता देनी चाहिए।

स्थानीय बच्चों के लिए खुले गुणवत्तापूर्ण स्कूल
उन्होंने क्षेत्र में बेहतर शिक्षण संस्थान एवं गुणवत्तापूर्ण स्कूल खोलने की मांग भी उठाई। साथ ही पावर प्लांट के कारण क्षेत्र में बढ़ती जाम की समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए वैकल्पिक सड़क मार्ग की व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों की समस्याओं को दरकिनार करना उचित नहीं है। किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के हितों को प्राथमिकता देना कंपनी की जिम्मेदारी है।

पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।

पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण जुलूस संपन्न
मशाल जुलूस के दौरान पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। पुलिस की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जुलूस में राजद प्रखंड अध्यक्ष रंजीत साह, मुरली यादव, ओम प्रकाश पंडित, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजन यादव, प्रभात कुमार, रमेश रमन, लव यादव तथा पीरपैंती पंचायत के उपसरपंच यासिर खान उर्फ गुड्डू समेत महागठबंधन के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

Tags - Bihar NewsTorchlight ProcessionBhagalpurPirpaintiAdani Power Plant