द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे मानव तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा होने का मामला सामने आया है। गोपालगंज पुलिस ने इस छापेमारी में 9 नाबालिग समेत 10 लड़कियों को मुक्त कराया है। दरअसल गोपालगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेवती और लक्ष्मीगंज बाजार स्थित कुछ ऑर्केस्ट्रा समूहों में नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। पुलिस द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, लड़कियों को आर्केस्ट्रा में काम दिलाने के नाम पर बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे कई राज्यों से बहला-फुसलाकर लाया गया था। छापेमारी के दौरान जिन लड़कियों को पुलिस ने मुक्त कराया उसमें पश्चिम बंगाल की 5, सीवान की 2, और जहानाबाद, यूपी तथा छत्तीसगढ़ की 1-1 लड़कियां शामिल है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक पुरुष संचालक और दो महिला संचालिकाओं को भी गिरफ्तार किया है।
.jpg)
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इन गिरोहों के पास से 3 मोबाइल फोन और बुकिंग से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उनसे न केवल जबरन डांस कराया जा रहा था, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक शोषण भी किया जा रहा था। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। मुक्त कराई गई सभी लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित आश्रय गृह में रखा गया है। पुलिस प्रशासन उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है। बहरहाल, स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे इलाके के अन्य अवैध ऑर्केस्ट्रा संचालकों में हड़कंप मच गया है।