द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Government Meeting: बिहार (Bihar) में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और विकास योजनाओं में तेजी लाने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) पटना (Patna) में दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे हैं। 28 और 29 नवंबर को होने वाली इस बैठक में राज्य के सभी बड़े प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हो रहे हैं। बैठक में मुख्य सचिव, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी और विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव मौजूद हैं। वहीं, सभी जिलों के डीएम और एसपी भी ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़ रहे हैं। पहले दिन यानी शनिवार को मुख्यमंत्री राज्य की कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। इस दौरान अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यप्रणाली और जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

कल विकास योजनाओं की होगी समीक्षा
दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन यानी 29 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्धारित समयसीमा और कामकाज में आ रही बाधाओं की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों से योजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे और जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। इस बैठक को बिहार में प्रशासनिक जवाबदेही तय करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।