बिहार
सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह बिहार राज्य में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बने। लोकभवन में राज्यपाल ने उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंगलवार को उन्हें पहले बीजेपी विधायक दल का नेता और फिर एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया था। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी से कहा कि नई सरकार को उनका सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जेपी नड्डा और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अन्य लोग शामिल हुए।

विजय चौधरी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली
जेडीयू विधायक विजय चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अभी कैबिनेट मंत्रियों के 33 पद खाली रहेंगे। कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को शाम साढ़े 4 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक हुई थी। नीतीश कुमार, शिवराज सिंह चौहान, जीतनराम मांझी समेत एनडीए के वरीय नेताओं की मौजूदगी में सम्राट चौधरी को नेता चुन लिया गया था। इससे पहले बीजेपी विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी का नाम विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया जिसपर सभी विधायकों ने सहमति जताई।

एनडीए घटक दल के नेताओं ने सम्राट को दी बधाई
सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर लोजपा, रालोसपा, भारतीय जनता पार्टी और हम पार्टी के शीर्ष नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी। लोजपा (रामविलास) के चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार की मौजूदगी और सक्रियता राज्य में रहेगी और इसका फायदा नई सरकार को मिलेगा। हम बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम करेंगे और आगे बढ़ेंगे। बिहार को अगले पड़ाव की ओर सम्राट चौधरी ले जाएंगे। बिहार की प्रगति और भी तेज गति से आगे बढ़ेगी। नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से निकालकर सुशासन व्यवस्था में लाने का काम किया, सम्राट चौधरी उसी को आगे बढ़ाएंगे।
