logo

Chhath Ghat Accident : समस्तीपुर में छठ घाट पर रील बनाने के दौरान डूबा 16 साल का किशोर

समस्तीपुर में छठ घाट पर रील बनाने के दौरान डूबा 16 साल का किशोर

द फॉलोअप डेस्क: 

Chhath Ghat Accident: समस्तीपुर (Samastipur) शहर के बीआरबी कॉलेज (BRB College) परिसर स्थित छठ घाट पर शुक्रवार, 13 नवंबर को यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा मोहल्ला, वार्ड संख्या-40 निवासी रामू दास के पुत्र गोलू कुमार (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोलू छठ घाट पर रील्स वीडियो बना रहा था। इसी दौरान वह तालाब में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते मौके पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

पांच घंटे तक चला तलाशी अभियान

घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किशोर की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद गोलू का शव तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल बाइक से शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

कर्ज लेकर मां ने दिलाया था महंगा मोबाइल

इस हादसे के बाद गोलू की मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि गोलू को रील्स वीडियो बनाने का काफी शौक था। बेटे की इसी पसंद को पूरा करने के लिए उसकी मां ने कुछ दिन पहले कर्ज लेकर उसे महंगा मोबाइल फोन दिलाया था। बेटे की सलामती की उम्मीद में मां छठी मइया से लगातार प्रार्थना करती रही। उसने बेटे के सुरक्षित मिलने पर भीख मांगकर सूप चढ़ाने की मन्नत भी मांगी थी। लेकिन काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जब बेटे का शव बाहर निकला, तो मां बेसुध हो गई। छठ महापर्व से ठीक पहले हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Samastipur News Samastipur Boy Drowned BRB College Samastipur