नालंदा/बिहार
नालंदा में बुधवार शाम एक कार और बाइक में भीषण टक्कर हुआ। भीषण टक्कर के बाद सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी बाइक। इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन नाबालिग दोस्तों की मौत हो गई। घटना तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित एकंगरसराय-जहानाबाद मार्ग पर गंगा बिगहा पुल पर हुआ।

मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर गांव निवासी सतीश चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार, कोठरी गांव निवासी मनोज चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र तन्नू कुमार और राजा चौधरी के 12 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकुश अपनी ननिहाल कोठरी गांव में रहता था। परिजनों का कहना है कि तन्नू की दादी के श्राद्धकर्म की बरखी की रस्म चल रही थी। इसी को लेकर वे लोग कुछ सामान लेने के लिए तेल्हाड़ा बाजार के लिए निकले थे।इसी दौरान बीच में ही एक ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर युवकों की बाइक में जोरदार टकर मार दी।

सिर में लगी थी गंभीर चोट
इस घटना में तीनों को सिर में गंभीर चोटें आईं। अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद आसपास में मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसी दौरान रास्ते में ही तन्नू और सन्नी ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पूरे गांव में कोहराम है। इधर, पुलिस कार चालक की खोजबीन में जुटी हुई है।