logo

मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, ICU समेत कई वार्ड चपेट में; मरीजों में मची अफरा-तफरी

सो2.jpg

मुजफ्फरपुर/बिहार
मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध प्रसाद हॉस्पिटल में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के परिजनों के बीच चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते अस्पताल के (ICU) समेत कई हिस्से इसकी चपेट में आ गए।

घटना के समय अस्पताल में दो दर्जन से अधिक मरीज भर्ती
घटना के समय अस्पताल में दो दर्जन से अधिक मरीज भर्ती थे। बताया जा रहा है कि  कई गंभीर मरीज आईसीयू में इलाजरत थे। आग और धुएं के कारण मरीजों को बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 10 मरीजों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कई अन्य मरीजों के घायल होने की भी सूचना है, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं 
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन उपकरणों की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की सही संख्या को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Tags - Muzaffarpur hospital fire Prasad Hospital fire Muzaffarpur fire news