logo

गैस गोबरसही मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के गोबरसही में फिर गैस रिसाव, दहशत में घर छोड़कर भागे लोग

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में फिर गैस रिसाव, दहशत में घर छोड़कर भागे लोग

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) में गोबरसही-डुमरी रोड के लोगों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गई है। पाइपलाइन विस्फोट (Pipeline Blast) की घटना के बाद बुधवार को उसी इलाके में दोबारा गैस रिसाव होने से लोगों के बीच दहशत फैल गई। हवा में गैस की तेज गंध महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे। पहले हुए हादसे की वजह से स्थानीय लोग पहले से ही डरे हुए थे। ऐसे में दोबारा रिसाव की खबर ने उनकी चिंता और बढ़ा दी।

पुराने चैंबर के आसपास दिखा गैस रिसाव

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस चैंबर में पहले विस्फोट हुआ था, उसके आसपास से फिर गैस निकलती दिखाई दी। निवासी बिरजू गुप्ता ने बताया कि गैस की गंध फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों का आरोप है कि गैस कंपनी की टीम रात से ही मरम्मत का काम कर रही थी, लेकिन क्षतिग्रस्त चैंबर को पूरी तरह ठीक नहीं किया गया था। हालांकि, इस बार गैस का रिसाव पहले की तुलना में कम था, लेकिन पिछले हादसे को देखते हुए लोग किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते थे।

टेस्टिंग के दौरान सामने आई गड़बड़ी 

पीएनजी कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन से दोबारा गैस आपूर्ति शुरू करने से पहले तकनीकी जांच की जा रही थी। इसी दौरान रिसाव का पता चला। एहतियात के तौर पर इलाके के करीब 2000 घरों में गैस की आपूर्ति रोक दी गई है। कंपनी के इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर मौजूद हैं और पाइपलाइन के साथ प्रेशर प्वाइंट्स की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क की पूरी जांच और जरूरी मरम्मत के बाद सुरक्षा मानकों की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद ही गैस सप्लाई दोबारा शुरू होगी।

मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम 

गैस रिसाव की सूचना मिलते ही एसडीएम, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने मुख्य सड़क पर आवागमन बंद करा दिया। पूरे प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जरूरी कदम उठाए गए। फिलहाल कंपनी की तकनीकी टीम पाइपलाइन की जांच और मरम्मत में जुटी है। वहीं, इलाके के लोगों को गैस आपूर्ति बहाल होने तक सावधानी बरतने की जरूरत है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Muzaffarpur Gas Leak Muzaffarpur PNG Gas Leak Gobarsahi Dumri Road Gas Leak