द फॉलोअप डेस्क:
Khagaria Police Encounter: बिहार (Bihar) के खगड़िया जिले में शनिवार देर रात पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी मिथिलेश महतो (Mithilesh Mahto) के बीच मुठभेड़ हो गई। दियारा इलाके में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान मिथिलेश महतो के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गंगौर थाना क्षेत्र का रहने वाला मिथिलेश महतो हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपित है। पुलिस के मुताबिक, वह चौथम थाना कांड संख्या 18/1/26 के मुख्य चश्मदीद गवाह की हत्या की साजिश रच रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले गवाह की सुरक्षा सुनिश्चित की।

गवाह की हत्या की साजिश की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
खगड़िया के एसपी शैलेंद्र सिंह के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मिथिलेश महतो एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। वह मामले के मुख्य चश्मदीद गवाह को रास्ते से हटाने के लिए अपराधियों और हथियारों को जुटा रहा था। इसके बाद सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें एसटीएफ एसओजी-03, अभियान दल-08, डीआइयू और चौथम थाना पुलिस को शामिल किया गया। टीम ने दियारा इलाके में घेराबंदी कर अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को देखते ही मिथिलेश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
.jpeg)
दिल्ली में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का भी आरोप
मिथिलेश महतो का आपराधिक इतिहास भी गंभीर रहा है। उस पर दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों चंदूलाल (70), गुलता देवी (65) और राकेश कुमार (30) की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप था। इस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, करीब नौ साल जेल में रहने के बाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर वह बाहर आया था। इसके अलावा वह चौथम थाना कांड संख्या 18/1/26 में भी वांछित था। पुलिस के अनुसार, एक लाख रुपये का इनामी मिथिलेश लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी को जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मान रही है।