द फॉलोअप डेस्क:
Bihar News: गोपालगंज (Gopalganj) के उचकागांव (Uchka Gaon) थाना क्षेत्र के असनंद टोला निवासी 31 वर्षीय सुनील कुमार शर्मा (Sunil Kumar Sharma) की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सुनील 6 सितंबर की शाम अपने दोस्त विजय कुमार सिंह के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पूछताछ में दोस्त ने परिजनों को बताया था कि सुनील अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसका जन्मदिन मनाने गया है। कई दिनों तक सुनील के घर नहीं लौटने पर उसके बड़े भाई सुधीर शर्मा ने उचकागांव थाने में शिकायत दर्ज करायी। इसके आधार पर विजय कुमार सिंह और बंकीखाल निवासी रंजीता कुमारी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गयी।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
यह भी पढ़ें: Bihar Daroga Bharti Exam : बिहार दरोगा भर्ती रद्द होने पर पटना में हंगामा, गांधी मैदान के आसपास रास्ते बंद
सलेमपुर घाट से शव बरामद
जांच के दौरान पुलिस को सिधवलिया थाना क्षेत्र के गंडक नदी स्थित सलेमपुर घाट से एक शव बरामद होने की जानकारी मिली। बाद में शव की पहचान लापता सुनील कुमार शर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण के मामले को हत्या की धाराओं में बदलकर जांच आगे बढ़ायी। पुलिस ने नामजद रंजीता कुमारी को उसके घर से गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर सलेमपुर गांव निवासी संदीप कुमार और रविश कुमार तिवारी को भी गिरफ्तार किया गया।

हत्या की वजह और वारदात की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम अभी पुलिस जांच का विषय है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुनील की हत्या क्यों की गयी, इसमें और कौन लोग शामिल थे और घटना किस तरह हुई। मामले में पुलिस की आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही हत्या की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: RRTS Corridor Hajipur : रैपिड रेल से 1 घंटे में तय होगा पटना से मुजफ्फरपुर का सफर, स्टडी शुरू