द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: रांची (Ranchi) के नामकुम स्थित एक खाली पड़े मकान से युवक का सिरकटा शव (headless body of a young man ) मिला है। शव पूरी तरह सड़ चुका है और पुलिस ने घटनास्थल से नरकंकाल बरामद किया है। युवक ने जींस पैंट पहन रखा है जबकि काले रंग की टीशर्ट टंगी हुई मिली है। घटना नामकुम थानाक्षेत्र अंतर्गत जोरार स्थित न्यू स्वर्णरेखा नगर की है। पुलिस का कहना है कि शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की मौत करीब 1 महीने पहले हुई होगी। युवक का सिर, धड़ से अलग होने के सवाल पर पुलिस ने कहा कि अभी यह स्पष्ट कहना मुश्किल है कि युवक की सिर काटकर हत्या की गई है या फांसी लगाने के बाद शव सड़ने की प्रक्रिया में सिर, धड़ से अलग हो गया है।
गुरुवार को घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी मुख्यालय-1 अमर कुमार पांडेय दलबल के साथ पहुंचे औऱ छानबीन की। पुलिस का कहना है कि जहां युवक का शव मिला, वह मकान नदी किनारे स्थित है। आसपास आबादी भी कम है और शायद इसलिए किसी को वहां शव होने की जानकारी नहीं मिली।

सब्जी तोड़ने छत पर चढ़े युवक को दिखा शव
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह एक स्थानीय युवक अपने घर की छत पर लगी सब्जी तोड़ने के लिए चढ़ा था, तभी उसे दुर्गंध महसूस हुई। जब वह परिसर में पहुंचा तो मकान के कमरे में शव देखकर घबरा गया। उसने पहले आसपास के लोगों को सूचना दी और फिर डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया। पुलिस के साथ पहुंचे FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जमा किए। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करके मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और FSL जांच से मिले साक्ष्यों के आधार पर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

करीब डेढ़ महीने से खाली पड़ा था मकान
इस बीच मकान मालकिन ने पुलिस को जानकारी दी है कि उन्होंने किराए पर देने के उद्देश्य से उक्त मकान को बनवाया था। हालांकि, किराएदार नहीं मिलने से मकान खाली पड़ा था। करीब 1.5 महीने पहले स्थानीय लोगों ने उनको जानकारी दी थी कि उनके परिसर में पूरी रात नशेड़ियों का जमावड़ा लगता रहता है। तब उन्होंने मकान की साफ-सफाई कराकर वहां ताला लगा दिया था। कुछ समय बाद ताला तोड़ दिया गया तो उन्होंने दोबारा ताला लगवाया। मकान मालकिन का कहना है कि वह इसके बाद से कभी उधर नहीं गईं।
पुलिस का कहना है कि शव पूरी तरह सड़ चुका है। मांस पूरी तरह गायब हो चुका है। चेहरे से युवक की पहचान करना मुश्किल है। मृतक की उम्र 25-28 वर्ष के बीच होगी। पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पजड़ताल करने का फैसला किया है।