गोपालगंज/बिहार
गोपालगंज जिले में शनिवार को सुबह-सुबह पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी आकाश कुमार को दोनों पैरों में गोली लगी। फिलहाल पुलिस उसे अस्पताल ले गई है, जहां वह इलाजरत है। घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित बंजारी बायपास का है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस घेरी
सुत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में अपराधी द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना है। इसी आधार पर पुलिस टीम के साथ पूरे इलाके को घेराबंदी कर ली गई। जैसे ही अपराधी को इसकी खबर लगी वह पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में अपराधी को दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद वह वहीं गिर गया। पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज जारी है।

12 से अधिक संगीन मामले पहले से दर्ज
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अपराधी की पहचान आकाश कुमार के रुप में हुई है। वह थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आकाश के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कुल 12 से अधिक संगीन मामले पहले से दर्ज हैं, जिसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। फिलहाल पुलिस आकाश से पूछताछ कर मामले को और गहराई के साथ छानबीन कर रही है।