द फॉलोअप डेस्क:
पूर्व सांसद आनंद मोहन को गोपालगंज के तात्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 1 महीने के भीतर आत्मसमर्पण करना है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद आनंद मोहन का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस एक माह के समय में मैं बिहार, देश और दुनिया को बताऊंगा कि मेरा गुनाह क्या है। मैं बताऊंगा कि आखिर किस बात की मुझे लगातार सजा दी जा रही है। आनंद मोहन ने अपने पैतृक गांव में मीडियाकर्मियों से कहा कि मुझे सूली हो जाए। फांसी दे दी जाए। आजीवन जेल में मेरी हड्डियों को सड़ा दिया जाए या कारावास में ही मेरी आखिरी सांसें निकले, लेकिन आप लोगों को बताइये कि केस की सच्चाई क्या है। उन्होंने कहा कि मुझे सजा की परवाह नहीं है, लेकिन सच सबको पता होना चाहिए। आनंद मोहन ने कहा कि मैं अपनी बात कहने लोगों के बीच आया हूं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आनंद मोहन का बड़ा ऐलान बोले– एक महीने का समय मिला है, पूरे बिहार और देश को बताऊंगा कि मेरा गुनाह क्या है? आखिर किस बात की सजा लगातार दी जा रही है? कल पटना में करेंगे बड़ी बैठक, आगे की रणनीति पर होगी चर्चा। आनंद मोहन का हुंकार– न्याय के खिलाफ खड़ा होना और सच कहना गुनाह है तो आनंद मोहन गुनहगार है। सच कहना बगावत है तो समझिए हम भी बागी हैं!
— Sadan Singh (@SadanJee) November 27, 2026
सच कहना बगावत है तो आनंद मोहन बागी है!
इस फैसले के पीछे राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप लगाते हुए आनंद मोहन ने कहा कि अगर अन्याय के खिलाफ खड़ा होना और सच बोलना गुनाह है तो मैं गुनहगार हूं। उन्होंने कहा कि यदि सच कहना बगावत है तो आनंद मोहन बागी है। गौरतलब है कि पूर्व सांसद आनंद मोहन वर्ष 1994 में गोपालगंज के तात्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड मामले मे आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। हालांकि, 23 बिहार सरकार ने वर्ष 2023 में जेल मैन्युअल में बदलाव करके उनको समयपूर्व रिहा कर दिया था। 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2023 में दी गई उनकी समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया और एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि देखना यह है कि सरकार कब फैसला लेती है।

पत्नी सांसद तो बेटा चेतन आनंद विधायक हैं
पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कहा कि वह फिलहाल अपने पैतृक गांव आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने लोगों का आशीर्वाद लेने, उनकी शुभकामना बटोरने और समर्थन हासिल करने के इरादे से गांव आए हैं। आनंद मोहन ने कहा कि वह 28 नवंबर को पटना जाएंगे, जहां अहम बैठक होने वाली है। उन्होंने कहा कि विधायक चेतन आनंद ने लोगों को बताया है। वहीं, आगे की रणनीति तैयार होगी। पार्टी को मजबूत करने के सवाल पर आनंद मोहन ने कहा कि अभी मैं जेल जाऊंगा कि पार्टी बनाऊंगा। गौरतलब है कि आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद शिवहर से जेडीयू सांसद हैं, जबकि बेटे चेतन आनंद जेडीयू विधायक हैं।

5 दिसंबर 1994 को हुई थी डीएम जी. कृष्णैया की हत्या
गौरतलब है कि 5 दिसंबर 1994 को गोपालगंज के तात्कालीन जिलाधिकारी और 1985 बैच के आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया मुजफ्फरपुर से गुजर रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर के गैंगस्टर छोटन शुक्ला की हत्या के विरोध में उसकी शवयात्रा निकाली जा रही थी। शवयात्रा में आनंद मोहन भी शामिल थे। भीड़ ने जी. कृष्णैया की गाड़ी रोक दी। उनको गाड़ी से निकालकर बुरी तरह पीटा और गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल जी. कृष्णैया की अस्पताल में मौत हो गई। मूलरूप से तेलंगाना के रहने वाले जी. कृष्णैया 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। घटना के वक्त वह गोपालगंज के जिलाधिकारी थे।
निचली अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी
इस केस में आनंद मोहन भी आरोपी बनाए गए। अक्टूबर 2007 को निचली अदालत ने आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई। दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने फांसी की सजा को उम्रकैद में बदला। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद की सजा को कायम रखा। अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव कर आनंद मोहन को समयपूर्व रिहा कर दिया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर को रद्द कर दिया।